घाटशिला में अपराधी बेलगाम, मॉर्निग वाक पर निकली वृद्धा की चेन छीनी
छिनतई गिरोह ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। लोगबाग हलकान हैं और पुलिस की हनक नहीं दिख रही। गुरुवार को मॉर्निग वाक पर निकली एक वृद्धा से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली।
जेएनएन,घाटशिला : छिनतई गिरोह ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। लोगबाग हलकान हैं और पुलिस की हनक दिख नहीं रही। झपटमारों से परेशान पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल मुख्यालय में गुरुवार सुबह छिनतई गिरोह ने एक वृद्धा को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। घाटशिला थाना क्षेत्र के गोपालपुर ओवरब्रिज के समीप मॉर्निग वाक पर निकली प्रतिमा साह नामक वृद्धा के गले से चेन छीनकर मोटरसाइकिल सवार दो युवक नौ-दो- ग्यारह हो गए। प्रतिमा साह ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी परिवार के सदस्यों को दी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की छानकर रही है। इससे पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। पूरे अनुमंडल क्षेत्र में छिनतई की घटना लगातार हो रही है। पुलिस घटना को रोकने में पूरी तरह विफल है। सबसे ज्यादा घटना घाटशिला थाना क्षेत्र में हुई है। यहां सबसे पहले 30 नवंबर 1917 को गोपालपुर निवासी रंजीत ठाकुर की माता रूपकला देवी से चेन छिनतई की घटना हुई। इसके बाद लालडीह, काशीदा, दाहीगोड़ा के अलावा चाकुलिया, मुसाबनी, बहरागोड़ा आदि थाना क्षेत्र में भी छिनतई की घटनाएं होने लगीं। हालांकि, घाटशिला पुलिस चेन छिनतई के एक मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन गिरोह बेखौफ है। गिरोह का मास्टरमाइंड पुलिस की पकड़ से बाहर है।
झरना ओझा और सुमिता घोष भी बन चुकीं शिकार
पिछले वर्ष 4 दिसंबर को पॉल कॉलोनी निवासी झरना ओझा से चेन छिनतई की घटना हुई थी। इसके बाद लालडीह निवासी सुमिता घोष शिकार बनीं। सुमिता ने घाटशिला थाना में झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए इसी वर्ष मामला दर्ज कराया था। सुमिता घोष ने पुलिस को बताया कि शाम को सुर्वणरेखा नर्सिंग होम के समीप अपने एक परिचित के घर गई थी। वहा से लौटने में देर होने पर पैदल ही घर जा रही थी कि लालडीह दुर्गा मंडप के समीप लगभग 11 बजे एक बाइक सवार सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।