विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा में बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 3 घंटे तक जाम रहा एनएच-75

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:21 PM (IST)

चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय साइकिल सवार रसिका हेंब्रम की ...और पढ़ें

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पासाहातु चौक के समीप एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पासाहातु चौक के समीप एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

HighLights

  1. मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने सड़क जाम की।

  2. एनएच-75 पर तीन घंटे तक यातायात ठप रहा।

जासं, चाईबासा। चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। 
 
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पासाहातु चौक के समीप एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 
 
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
 
मृतक की पहचान पासाहातु गांव निवासी 45 वर्षीय रसिका हेंब्रम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रसिका हेंब्रम मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी साइकिल से मुख्य सड़क पार कर रहे थे। 
 
इसी दौरान चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रसिका हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 
 
हादसे के बाद चालक बस समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण पासाहातु चौक पर जमा हो गए। 
 
परिवार के सदस्य की असमय और दर्दनाक मौत से लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन और बस मालिक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दिए जाने की मांग की। 
 
अपनी मांगों के समर्थन में ग्रामीणों ने एनएच-75 पर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। सड़क जाम होने के कारण चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। 
 
देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर छोटी-बड़ी गाड़ियों का तांता लग गया, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप और जाम के कारण स्कूल बसें, एम्बुलेंस और आम लोग घंटों फंसे रहे।
 
सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को शांत कराने तथा समझाने-बुझाने का प्रयास किया। 
 
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिया। हालांकि, ग्रामीण मुआवजे की ठोस मांग पर अड़े रहे और शाम 4 बजे तक शव को सड़क से हटाने नहीं दिया। 
 
पुलिस लगातार स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराने के लिए मशक्कत करती रही।