चिटफंड घोटाला मामले में निवेशकों से पूछताछ कर रही सीबीआइ
चिटफंट घोटाला में अब शाइन इंडिया एग्रो इंडस्ट्री लिमिटेड फंसी है। कंपनी पर स्थानीय लोगों से लाखों रुपये गबन का मामला है। चिटफंड घोटाला मामले में शनिवार को सीबीआइ टीम बहरागोड़ा पहुंची। इस दौरान टीम ने खंडामौदा के फुलबडिया नेड्रा गम्हरिया पहुंचकर निवेशकों से मिली..
संवाद सूत्र, बहरागोड़ा : चिटफंट घोटाला में अब शाइन इंडिया एग्रो इंडस्ट्री लिमिटेड फंसी है। कंपनी पर स्थानीय लोगों से लाखों रुपये गबन का मामला है। चिटफंड घोटाला मामले में शनिवार को सीबीआइ टीम बहरागोड़ा पहुंची। इस दौरान टीम ने खंडामौदा के फुलबडिया, नेड्रा, गम्हरिया पहुंचकर निवेशकों से मिली। उनसे कंपनी में डूबे पैसे की जानकारी ली। पीड़ितों के बयान दर्ज कर दस्तावेज एकत्र किए। मौके पर सीबीआइ इंस्पेक्टर मुकुंद कुमार ने कहा कि टीम बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर निवेशकों से मिल रही है। जानकारी हासिल कर रही है। दस्तावेज एकत्र कर रही है। जिससे कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सके। मौके पर टीम के साथ बहरागोड़ा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक बाबूलाल दुबे समेत जवान मौजूद थे। कंपनी में पैसा डालने वाले निवेशक में से पुलिस अवर निरीक्षक बाबूलाल कुमार शामिल थे।
कंपनी में पैसा रखने वाले निवेशक में से योगेश्वर मुंडा, भीम चरण मुंडा, बाबलु मुंडा, सत्यबान हेम्ब्रम, मिर्धा टुडु, अलादी टुडु, हीरामनि हेम्ब्रम, शुकलाल हेम्ब्रम, रुइदा मुंडा, बिमल सोरेन, बाली मुंडा, सुखदेव मुंडा, भीम चरण मुंडा समेत कोई कई निवेशकों से पूछताछ के बाद उनसे दस्तावेज लेकर एकत्र किए।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जुगीशोल पंचायत अंतर्गत केंदबनी से तिलावनी मार्ग के बीच पहाड़पुर गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद शनिवार की सुबह पुलिस ने सड़क किनारे खेतों में पड़े युवक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चाकुलिया प्रखंड के मालखाम गांव का रहने वाला प्रीतम सोरेन अपनी बाइक से रात लगभग 10 बजे आ रहा था। पहाड़पुर गांव के पास असंतुलित होकर कल्वर्ट से टकरा कर गिर पड़ा। उसके सिर में गहरी चोटें आई हैं। वहीं बाइक से छिटक पर खेत में जा गिरा। सुनसान सड़क होने के कारण किसी को पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। सुबह तक युवक की मौत हो गई थी।
बहरागोड़ा में सड़क दुर्घटना में तीन घायल : बहरागोड़ में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। तीनों की बाइक अनियंत्रित हो गईं। जिससे बाइक सवार गिर गए और घायल हो गए है। तीनों का उपचार सीएससी में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक बासदा चौक के समीप शनिवार को दो बाइकें अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें दोनों बाइक सवार घायल हो गए है। टाटा जाने के क्रम में एनएच 18 में ट्रैक्टर को बचाने के क्रम में अनियंत्रित होकर दो बाइक पलट गई। जिसमें दोनों सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक सूराई मंडी ने प्राथमिक उपचार किया। जानकारी के अनुसार एक बाइक सवार प्रखंड के बरल गांव के कबी नायक केरुकोचा जा रहे थे। दूसरा बाइक सवार सीएचसी का कर्मचारी रमेश हेंब्रम ड्यूटी के बाद अपने घर महुलिशोल पंचायत के बिहिदा गांव जा रहा था।
इधर, बड़शोल थाना क्षेत्र के दारिशोल में एनएच-49 में एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिसमें बाइक सवार को पैर में गंभीर चोट लगी है। इस दौरान एक उसी सड़क से कार गुजर रही थी। कार में सवार व्यक्ति ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया जहां डाक्टर ने इलाज किया। घायल बीर सिंह कुंकल पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ट शाखा प्रबंधक पश्चिम मेदिनीपुर के टाबगेडिया शाखा में कार्यरत है। बाइक से अपने घर चाईबासा जा रहे थे।
पूर्व विधायक ने श्राद्धकर्म में आर्थिक मदद : प्रखंड के बारागाडि़या पंचायत अंतर्गत वृंदावनपुर गांव निवासी संध्या ओझा का विगत कुछ दिन पहले निधन हो गया था। इसकी सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को दी। पूर्व विधायक के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार को आर्थिक मदद पहुंचाई। मौके पर ग्राम प्रधान हाडीराम ओझा, धनुराम मांडी, चंदन पात्र, सत्यरंजन कामिला, आसुतोष मुर्मू, जितेन ओझा, युवा नेता उमेश राउत, सुरजीत साव समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बहरागोड़ा लैंपस चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल : बहरागोड़ा लैंपस चुनाव को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी परमहंस शर्मा और लैंपस प्रशासक सिद्धेश्वर पासवान की उपस्थिति में अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों का नामांकन दाखिल किया गया। नामांकन करने वालों में अध्यक्ष के लिए दीनबंधु खाटूआ अपने प्रस्तावक अशोक धाऊरिया समर्थक निर्मल कुमार के साथ जाकर नामांकन दाखिल किया। खोखा खाटूआ ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है। वे अपने प्रस्तावक देवासीश साहू, समर्थक चंडी चरण के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चितरंजन नायक, मंजू नायक, प्रतिमा नायक, कमल किशोर साहू, मिहिर दलेई, बरून मैती, रास बिहारी साहू, दिनमोनी साहू, आलोक दास, अमर दाऊडीया शामिल हैं। बैंक प्रतिनिधि पद के रूप में चंडी चरण साहू, प्रस्तावक दीनबंधु खाटूआ, समर्थक रूमा रानी साहू है।