सरायकेला में प्रवासी श्रमिकों को लेकर बिहार जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 40 श्रमिक थे सवार
राजनगर इलाके के रोला में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बस खदान क्षेत्र ओडिशा के जोड़ा से श्रमिकों को लेकर बिहार के गोपालगंज जा रही थी। नीलांचल नामक बस में कुल 40 मजदूर सवार थे।
सरायकेला, जेएनएन। झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां में सड़क हादसे की सूचना है। जिले के राजनगर इलाके के रोला में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बस खदान क्षेत्र ओडिशा के जोड़ा से श्रमिकों को लेकर बिहार के गोपालगंज जा रही थी। नीलांचल नामक बस में कुल 40 मजदूर सवार थे।
बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। इसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। सूचना मिलते राजनगर के अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। बस पर सवार श्रमिकों को हल्की-फुल्की चोटें आई थी। सबों को प्राथमिक उपचार कराकर दूसरी बसों की व्यवस्था पर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।