विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

12 घंटे में उजड़ गई परिवार की खुशियां! ब्रेन मलेरिया ने लील लिए भाई-बहन, तीसरा लड़का अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रहा

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:57 PM (IST)

पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया ने कहर बरपाया है, जहां 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो भाई-बहन की मौत हो गई और तीसरा बच्चा एमजीएम अस्पताल में गंभीर हालत में है।

परिवार के आठ वर्षीय तीसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और वह एमजीएम अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। (AI Generated Image)

परिवार के आठ वर्षीय तीसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और वह एमजीएम अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। (AI Generated Image)

HighLights

  1. भाई-बहन की ब्रेन मलेरिया से 12 घंटे में मौत।

  2. तीसरा बच्चा एमजीएम अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रहा।

  3. क्षेत्र में मच्छरदानी वितरण और एंबुलेंस सेवा बदहाल।

संसू, पोटका । पोटका प्रखंड में पांच माह के अंतराल के बाद एक बार फिर ब्रेन मलेरिया ने कहर बरपाया है। तेंतला पोड़ा पंचायत के चारडीहा टोला में महज 12 घंटे के भीतर भाई-बहन की मौत हो गई। 
 
वहीं परिवार के आठ वर्षीय तीसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और वह एमजीएम अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
 
जानकारी के अनुसार, चारडीहा निवासी सीमांत भूमिज के पांच वर्षीय पुत्र गोविंद सरदार, 10 वर्षीय पुत्री प्रिया सरदार और आठ वर्षीय पुत्र लक्ष्मण सरदार को अचानक गंभीर स्थिति में पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया।
 
अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही गोविंद ने दम तोड़ दिया। वहीं, प्रिया और लक्ष्मण की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया। 
 
जहां उपचार के दौरान प्रिया की भी मौत हो गई। लक्ष्मण का इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
 
गौरतलब है कि इससे पहले जून-जुलाई में भी पोटका क्षेत्र में ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत हो चुकी है। उस समय स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए तत्कालीन सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ को निलंबित किया था। 
 
12 चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस (शोकाज) जारी किया था और डॉ. सुकांत सीट को कमान सौंपी थी। इसके बावजूद जंगल से सटे गांवों में मच्छरदानी का पर्याप्त वितरण नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी और शिकायतें बनी हुई हैं।
 
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि तेंतला गांव में 19, 21 और 25 नवंबर को मलेरिया जांच शिविर आयोजित किए गए थे। 
 
उनके मुताबिक, यदि माता-पिता ने बच्चों के बीमार पड़ने की जानकारी समय पर दी होती, तो त्वरित उपचार से स्थिति को संभाला जा सकता था। 
 
उन्होंने बताया कि सभी सहियाओं को मलेरिया की दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज शुरू किया जा सके।
 
दूसरी ओर, क्षेत्र में एंबुलेंस सेवाओं की बदहाली भी सामने आई है। हल्दीपोखर, जुड़ी और पोटका क्षेत्र की तीनों 108 एंबुलेंस के खराब होने की बात कही जा रही है। 
 
सीएचसी की दो एंबुलेंस में से भी एक खराब होने के कारण केवल एक वाहन के सहारे मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। 
 
डॉ. सीट ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार के लक्षण दिखते ही शिविर में जांच कराएं और तुरंत स्वास्थ्यकर्मियों को सूचित करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।