विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पोटका के तेंतला पोड़ा में ब्रेन मलेरिया का कहर: पांच माह में तीन बच्चों की मौत, जांच शिविर में चार संक्रमित मिले

By Shankar GuptaEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Sun, 29 Nov 2026 05:30 PM (IST)

पोटका के तेंतला पोड़ा पंचायत में ब्रेन मलेरिया का कहर जारी है, जहां पांच माह में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है और हाल ही में जांच शिविर में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन तीन माह पूर्व तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की नियुक्ति नहीं हो सकी है।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन तीन माह पूर्व तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। 

HighLights

  1. तेंतला पोड़ा में पांच माह में तीन बच्चों की ब्रेन मलेरिया से मौत।

  2. आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ की नियुक्ति तीन माह से लंबित।

  3. जांच शिविर में 31 में से चार लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए।

संवाद सूत्र, पोटका। आजादी के बाद पहली बार तेंतला पोड़ा पंचायत भवन के समीप बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन तीन माह पूर्व तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) की नियुक्ति नहीं हो सकी है। 
 
विडंबना यह है कि पिछले पांच माह में इस पंचायत क्षेत्र में ब्रेन मलेरिया से तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। मुखिया पुष्पलता मुंडा एवं पंचायत समिति सदस्य अमलिका सरदार ने बताया कि तेंतला पोड़ा पंचायत मलेरिया जोन के रूप में चिह्नित है, इसलिए यहां स्वास्थ्य केंद्र का नियमित संचालन बेहद जरूरी है। 
 
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुकांत सीट की पहल पर फिलहाल भवन खुलवाया गया है और एएनएम व मलेरिया टीम की ड्यूटी लगाई गई है।
 
ताकि ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा मिल सके और संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके। ग्रामीणों को अब सीएचओ की तैनाती का इंतजार है।
 

31 जांच में चार मिले संक्रमित 

तेंतला में ब्रेन मलेरिया से भाई-बहन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। वहीं, ब्रेन मलेरिया से पीड़ित आठ वर्षीय लक्ष्मण सरदार का उपचार एमजीएम अस्पताल में जारी है। 
 
इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से तेंतला पोड़ा पंचायत के तेंतला गांव में विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 31 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें चार लोग संक्रमित पाए गए।
 
संक्रमित पाए गए सभी लोगों को दवा उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही सहिया और एएनएम को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी सीधी निगरानी में मरीजों को नियमित रूप से दवा खिलाएं। 
 
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि पंचायत के अन्य सभी गांवों में भी व्यापक स्तर पर जांच शिविर लगाए जाएंगे। 
 
लोगों की जांच कर संक्रमितों का त्वरित इलाज सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में मलेरिया के प्रसार पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके।
 
ब्रेन मलेरिया से हुई मौतों के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि आरोग्य मंदिर में जल्द सीएचओ की नियुक्ति की जाए तथा मलेरिया रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और दवा छिड़काव जैसी व्यवस्थाएं मजबूत की जाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।