जमशेदपुर के बागबेड़ा में झगड़े के दौरान बम फेंका
जमशेदपुर के बागबेड़ा में जमीन के लिए हुए विवाद में बमबाजी की घटना से लोग दहल गए। इसकी जांच हो रही है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर छह निवासी निलेश कुमार झा और उसके पड़ोसी संजय कुमार के घर के पास बुधवार मध्यरात डेढ़ बजे शरारती तत्वों ने पेट्रोल बम फेंक दिया, जिससे धमाका हुआ। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बागबेड़ा इंस्पेक्टर के अनुसार बम नही पटाखा फेंका गया था। निलेश कुमार झा के पड़ोसी संजय कुमार ने बताया कि जमीन कब्जा करने वाले बीते 11 वर्षो से ऐसा कर रहे है। कई बार बागबेड़ा थाना, एसएसपी और उपायुक्त तक को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कभी कोई कार्रवाई जमीन कब्जा करने की मंशा करने वाले लोगों पर नही हुई। बीते वर्ष डीडीसी सूरज कुमार ने जमीन से अतिक्रमण हटाया था। दोबारा जमीन को झाड़ी से घेरने की कोशिश हो रही है जिसका प्रतिरोध वे लोग करते है जिसके कारण बम फेंका गया। वहीं निलेश कुमार झा ने राजेंद्र यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दिया है। उसने बताया कि राजेंद्र यादव ने जमीन पर कब्जा कर रखा है। जमीन खाली करने को कहे जाने पर घटना को अंजाम दिया गया।
मालूम हो कि पूर्वी सिंहभूम जिले में आए दिन बम विस्फोट और बम रखने की घटनाएं सामने आती रहती है। वैसे यहां बम निरोधक दस्ता नहीं है। जिले की पुलिस रांची पर निर्भर है। वहां से बम निरोधक दस्ता बुलाया जाता है। इसी साल जनवरी के महीने में रेलवे स्टेशन पर आजाद ¨हद ट्रेन में बम होने की अफवाह फैल गई थी। ट्रेन घंटों रोकनी पड़ी। सुरक्षा बलों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं बम नहीं मिला। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ट्रेन का परिचालन सुनिश्चत हुआ। भूमि विवाद के दौरान गांवों में अक्सर बम फेंकने की घटनाएं भी इस जिले में होती रही हैं।