विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर: सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलटी, दो युवक तेज बहाव में बहे; गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

By Anwesh AmbesthaEdited By: Nishant Bharti
Published: Sat, 26 Sep 2026 01:13 PM (IST)

जमशेदपुर के बारीडीह में सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ते समय नाव पलटने से दो युवक अमित कुमार उर्फ गजनी और अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार तेज बहाव में बह गए।

सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलटी(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलटी(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ते समय नाव पलटी।

  2. दो युवक अमित कुमार और बिट्टू कुमार लापता हो गए।

  3. स्थानीय गोताखोरों और पुलिस द्वारा तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव पलटने से दो युवक तेज बहाव में बह गये। लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के समीप रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। 

हादसे के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

नदी में नाव से मछली पकड़ने जाते थे

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक तैराकी जानते थे और अक्सर सुवर्णरेखा नदी में नाव से मछली पकड़ने जाते थे। शुक्रवार देर रात भी दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से नदी में गये थे। 

नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गयी। हादसे में विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, जबकि अमित और बिट्टू तेज बहाव की चपेट में आकर बह गये।

नदी किनारे लुआबासा पुल तक खोजबीन

घटना की जानकारी मिलते ही बारीडीह मीरा पथ समेत आसपास की बस्तियों के लोग नदी तट पर पहुंच गये। स्थानीय युवकों ने रात में ही दोनों की तलाश शुरू की और नदी किनारे लुआबासा पुल तक खोजबीन की। 

हालांकि, अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण रात में पानी में उतरकर तलाश करना जोखिम भरा था। इस वजह से बचाव अभियान में काफी परेशानी हुई।

एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की सहायता लेने की तैयारी

सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की सहायता लेने की भी तैयारी की जा रही है। 

हादसे की खबर के बाद नदी तट पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस और बचाव दल की ओर से दोनों युवकों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में बाढ़ का कहर: स्वर्णरेखा 72 सेंटीमीटर ऊपर, खरकई 2.70 मीटर पार, 500 से अधिक घर जलमग्न