जमशेदपुर भाजयुमो में बदलाव की सरगर्मी: 35 की आयु सीमा लागू हुई तो बदलेंगे कई राजनीतिक समीकरण
जमशेदपुर भाजयुमो में संगठनात्मक फेरबदल की सरगर्मी तेज है, जिसमें 35 वर्ष की आयु सीमा लागू होने की संभावना पर चर्चा हो रही है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
जमशेदपुर भाजयुमो में संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाएं तेज।
35 वर्ष की आयु सीमा लागू होने पर समीकरण बदलेंगे।
अनुभव या उम्र, नेतृत्व के सामने बड़ा सवाल।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) में संभावित संगठनात्मक फेरबदल को लेकर जमशेदपुर महानगर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
युवा मोर्चा में 35 वर्ष की उम्र सीमा और संगठनात्मक अनुभव के बीच संतुलन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में संभावित नियुक्तियों को लेकर कार्यकर्ताओं की निगाहें प्रदेश नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर गुजरात के सांसद डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने और झारखंड में प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज की उम्र 35 वर्ष होने के संदर्भ में स्थानीय दावेदारों को लेकर भी चर्चा हो रही है।
जमशेदपुर महानगर में संभावित नामों में युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अमित अग्रवाल शामिल हैं। उनकी उम्र लगभग 41 वर्ष बताई जा रही है।
वहीं, प्रदेश युवा मोर्चा कार्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रदीप मुखर्जी की उम्र करीब 38 वर्ष और चाईबासा जिला प्रभारी शैलेश गुप्ता की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है।
युवा मोर्चा कार्यकर्ता हरजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह की उम्र भी करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के सागर राय भी इस दावेदारी में शामिल है।
दूसरी ओर, जमशेदपुर महानगर युवा मोर्चा के वर्तमान जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। ऐसे में चर्चा है कि संगठन नेतृत्व मौजूदा अध्यक्ष पर दोबारा भरोसा जताता है या किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी सौंपता है।
उम्र या अनुभव, क्या होगा आधार?
संभावित नियुक्तियों के बीच सबसे बड़ा सवाल उम्र सीमा के मानदंड को लेकर है। यदि 35 वर्ष की सीमा लागू होती है, तो कई चर्चित नामों की दावेदारी पर सवाल उठ सकते हैं।
वहीं, संगठनात्मक अनुभव को प्राथमिकता मिलने की स्थिति में नेतृत्व के सामने अलग समीकरण होंगे। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच किसी नियुक्ति या उम्र संबंधी नियम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अंतिम तस्वीर भाजपा नेतृत्व की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल, जमशेदपुर में युवा मोर्चा की संभावित नई टीम को लेकर राजनीतिक हलचल बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- झारखंड भाजपा को नई कमान, पहली बार राज्य में दो सह प्रभारी; प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा यूपी में दिखाएंगे जौहर
