आदिवासी महापुरुषों के सम्मान में भाजपा का देशव्यापी अभियान, जानिए क्या है जनजातीय गौरव सप्ताह का पूरा कार्यक्रम
भाजपा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 11 से 18 नवंबर तक 'जनजातीय गौरव सप्ताह' मना रही है, जिसमें युवा संवाद और स्वाभिमान सम्मेलन जैसे कार्यक्रम होंगे।

गुरुवार को जमशेदपुर के निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता मेंं पूर्व मुख्यमंत्री कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
HighLights
भाजपा मनाएगी 11 से 18 नवंबर तक 'जनजातीय गौरव सप्ताह'।
बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर होगा देशव्यापी आयोजन।
जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और विरासत को याद किया जाएगा।
जासं, जमशेदपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में 11 से 18 नवंबर तक 'जनजातीय गौरव सप्ताह' मनाएगी।
इस एक सप्ताह के दौरान जनजातीय बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में युवा संवाद, स्वाभिमान सम्मेलन, और छात्रावास संपर्क अभियान जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान व योगदान को याद करना और समाज की गौरवशाली विरासत को देश की नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।
गुरुवार को जमशेदपुर के निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और भाजपा नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का काम कर रही है।
इन कार्यक्रमों के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जमीनी स्तर तक पहुंचाई जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना, गिनाए वीरों के बलिदान
अर्जुन मुंडा ने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल, जमीन और जनजातीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान किया था।
उनका उद्घोष 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' आज भी जनजातीय अस्मिता और आत्मसम्मान का बड़ा प्रतीक है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक देश पर राज करने वालों ने जनजातीय समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और आदिवासी महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान को उचित स्थान नहीं दिया।
उन्होंने तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, टंट्या भील, गोविंद गुरु और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के देश की आजादी में दिए गए योगदान को रेखांकित किया।
जन्मस्थली से राष्ट्रीय पहचान और विशेष फोकस
पूर्व सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार ने साल 2021 से हर साल 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की।
इसी क्रम में रांची में बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय का लोकार्पण हुआ, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा खूंटी स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली का दौरा किया गया।
वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उलिहातू पहुंचकर 'पीएम जनमन' (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) की शुरुआत की।
युवाओं और विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष जोर
सप्ताह भर चलने वाले इन आयोजनों में युवा वर्ग और विद्यार्थियों पर विशेष फोकस रहेगा। 'युवा संवाद' के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों से परिचित कराया जाएगा, 'स्वाभिमान सम्मेलन' में संस्कृति व अस्मिता पर चर्चा होगी।
जबकि 'छात्रावास संपर्क अभियान' के तहत विद्यार्थियों तक पहुंचकर उन्हें महापुरुषों के इतिहास और केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, मीरा मुंडा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश बास्के, संजय सरदार (महापौर, आदित्यपुर एवं प्रदेश टोली सदस्य), जिला महामंत्री जितेंद्र राय और जिला सह मीडिया प्रभारी अखिल सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।