सरकार अस्थिर करने के आरोपों पर भाजपा का पलटवार- अपने अंदरूनी कलह और असंतोष का आरोप भाजपा पर लगा रही कांग्रेस Jamshedpur News
भाजपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका प्रतिबद्धता से निभा रही है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। राजस्थान के बाद झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से वित्त मंत्री बने रामेश्वर उरांव ने राज्य में भाजपा द्वारा कथित रूप से कांग्रेसी विधायकों को प्रलोभन देकर सरकार अस्थिर करने के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने बुधवार को मंत्री रामेश्वर उरांव के उक्त बयान को अपरिपक्वता और अविश्वास से भरा बताते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सोचने की बात यह है कि आख़िर कांग्रेस के ही विधायक क्यों बिक़तें या टूट जाते हैं। स्वयं कांग्रेस को इसकी समीक्षा करनी चाहिए। भाजपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका प्रतिबद्धता से निभा रही है।
रामेश्वर उरांव का बयान कांग्रेस के अंदरूनी कलह का नमूना
कुणाल ने कहा कि मंत्री रामेश्वर उरांव के बयान कांग्रेस की अंदरूनी कलह और क्लेश को प्रत्यक्ष उज़ागर कर रहे हैं। पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मंत्री रामेश्वर उरांव के कथित बयान से प्रथम दृष्टया यह ज्ञात होता है कि झारखंड कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है, यह वक्तव्य कांग्रेस की हताशा और अपने विधायकों पर अविश्वास का प्रतिफ़ल है। कहा कि अपनी कमजोरियों का सीधा आरोप भाजपा और केंद्र सरकार पर मढ़ देना कांग्रेस की परंपरा बन चुकी है।
बोले कुणाल, महज सनसनी व सुर्खियां बटोरने के लिए दिया बयान
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि विकास कार्यों में गति ना होना, प्रशासनिक कार्यों में सामंजस्य का अभाव और अपनी राजनीतिक व्यवस्था के सुचारू रूप से ना चलने का आरोप झारखंड कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी पर लगा रही है। कहा कि मंत्री रामेश्वर उरांव का बयान महज़ सनसनी और सुर्खियां बटोरने का अतिरिक्त कुछ भी नहीं। भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मीडिया में सुर्खी बटोरने से बेहतर होता कि मंत्री श्री उरांव प्रमाण सहित सभी विधायकों के नाम उज़ागर करते।