भाजपाई फिर भूल गए कोरोना के नियम, ये रही पूरी खबर Jamshedpur News
भाजपाई एक बार फिर कोरोना के नियम भूल गए। यदि ऐसा नहीं होता तो मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन कार्यक्रम में यह नजारा नहीं दिखता।प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर जमशेदपुर महानगर कमेटी ने पुतला दहन का व्यापक कार्यक्रम रखा था।
जमशेदपुर, जासं। भाजपाई एक बार फिर कोरोना के नियम भूल गए। यदि ऐसा नहीं होता तो मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन कार्यक्रम में यह नजारा नहीं दिखता। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर जमशेदपुर महानगर कमेटी ने पुतला दहन का व्यापक कार्यक्रम रखा था। जिला कमेटी के सभी 28 मंडल में एक साथ शाम पांच बजे मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया, लेकिन कहीं भी शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया। यही नहीं, कई ने तो मास्क लगाना भी जरूरी नहीं समझा। कुछ तो ऐसे थे, जिनके चेहरे पर मास्क अलग-अलग अंदाज में लटक रहा था।
इस मामले में भाजपाई एक बार फिर जिला प्रशासन की कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय के समर्थक सोमवार को उपायुक्त सूरज कुमार से मिले थे।
बिरसानगर में भाजपाइयों ने लगा दी थी भीड़, बिना उदघाटन के लौट गए थे सरयू
15 अक्टूबर को बिरसानगर में सामुदायिक भवन का उदघाटन करना था, लेकिन वहां भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट जाने के कारण सरयू राय बिना उदघाटन किए लौट गए थे। इस पर भाजपा सरयू राय को विकास विरोधी और नकारात्मक राजनीति करने वाला बता रही है। हालांकि, इस मामले में अब तक भाजपा के किसी बड़े नेता की प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जिला महामंत्री राकेश सिंह ने घटना के दूसरे जब सरयू राय ने संवाददाता सम्मेलन बुलाकर इसे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के इशारे पर की गई हरकत बताया, तो राकेश सिंह ने सरयू राय को विकास विरोधी करार दे दिया। राकेश ने कहा कि जिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरयू राय को फर्श से अर्श तक पहुंचाया, वही आज उनकी आंख की किरकिरी बने हुए हैं।
ये कहा रघुवर के समर्थक ने
दूसरी ओर राकेश सिंह ने इस बात का खुलासा भी किया कि भाजपा कार्यकर्ता सांसद विद्युत वरण महतो के कहने पर जुटे थे। इस भवन का उदघाटन सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक सरयू राय को संयुक्त रूप से करना था। चूंकि इस सामुदायिक भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया था, इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं का हक बनता है कि वे इसके उदघाटन कार्यक्रम में शामिल हों। राकेश का कहना था कि सरयू राय ने दस माह बाद भी जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की एक ईंट भी नहीं रखी है। इसके बाद भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रेम झा ने भी सरयू राय को विकास विरोधी बताते हुए बयान जारी किया था। इन सब बातों पर सरयू राय या उनके कार्यकर्ताओं ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन भाजमो ने सरकारी प्रावधानों के माध्यम से ही कठघरे में खड़ा करने की तैयारी की है। यदि प्रशासन कार्रवाई करता है तो इससे भाजपा व भाजमो के बीच तनाव बढ़ने की संभावना है।