बिंदल मॉल गोलीकांड: सिंडिकेट तोड़ने की बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, मुख्य आरोपी गढ़वा व श्रीबंशीधर नगर जेल भेजे गए
जमशेदपुर के बिंदल मॉल गोलीकांड के मुख्य आरोपियों को सुरक्षा कारणों से घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा और श्रीबंशीधर नगर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

बिंदल मॉल गोलीकांड के मुख्य आरोपियों को सुरक्षा कारणों से जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा शिफ्ट कर दिया गया है।
HighLights
बिंदल मॉल गोलीकांड के मुख्य आरोपी जेल बदले गए।
जमशेदपुर से गढ़वा और श्रीबंशीधर नगर जेल शिफ्टिंग।
अपराधिक सिंडिकेट तोड़ने को प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
जासं, जमशेदपुर। सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुए अंधाधुंध गोलीकांड के मुख्य आरोपियों को सुरक्षा कारणों से जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा शिफ्ट कर दिया गया है।
जेल मुख्यालय के निर्देश पर शहर में अपराधियों के संगठित गठजोड़ को तोड़ने और जेल के भीतर से सिंडिकेट चलाने की आशंका को पूरी तरह खत्म करने के उद्देश्य से यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
इसके तहत मामले के मुख्य साजिशकर्ता रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज सरकार और शूटर मोहन यादव को गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर (नगर उंटारी) स्थित उपकारा भेजा गया है, जबकि एक अन्य साजिशकर्ता दीपू ओझा को गढ़वा जिला जेल में शिफ्ट किया गया है।
26 सितंबर को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला था रेस्टोरेंट
उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर की दोपहर सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी।
बाइक सवार शूटरों ने रेस्टोरेंट के भीतर घुसकर लगभग 12 राउंड गोलियां बरसाई थीं। इस हमले में मुख्य टारगेट डोमिनिक सैमसन समेत रिजवान, दिलशान उर्फ दानिश और रेस्टोरेंट में मौजूद आम नागरिक कृष्णा चौधरी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
रेलवे ठेकेदारी और जमीन विवाद में रची गई थी साजिश
पुलिस अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया था कि यह जानलेवा हमला रेलवे ठेकेदारी के वर्चस्व और डोबो में कीमती जमीन के सौदों में बढ़ते हस्तक्षेप को लेकर उपजी पुरानी रंजिश का नतीजा था।
वारदात के बाद जमशेदपुर पुलिस की एसआईटी (SIT) ने तत्परता दिखाते हुए 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर टोल प्लाजा से भाग रहे चार मुख्य साजिशकर्ताओं टीटू शर्मा, मनोज सरकार, दीपू ओझा और शंकर मुंडा को धर दबोचा था।
आरोपियों ने डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को 1 लाख रुपये नकद, हथियार और गाड़ियां मुहैया कराई थीं। बाद में मुख्य शूटर मोहन यादव को भी गिरफ्तार किया गया था।
जिसे हथियार बरामदगी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी थी। अब इन आरोपियों को दूर की जेलों में भेजकर पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रख रही है।