विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्लेटफार्म पर बीती रातें और रिश्तेदारों के सहारे कटे दिन, पर संगीत की धुन से नहीं डिगे भोजपुरी गायक गोपाल राय

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:00 PM (IST)

भोजपुरी गायक गोपाल राय ने अपने शुरुआती संघर्षों, संगीत यात्रा और पवन सिंह के साथ अपने आत्मीय रिश्ते पर खुलकर बात की। 

भोजपुरी गायक गोपाल राय ने गायकी में आ रही गिरावट और सुपरस्टार पवन सिंह के साथ अपने आत्मीय रिश्तों पर खुलकर बातचीत की।

भोजपुरी गायक गोपाल राय ने गायकी में आ रही गिरावट और सुपरस्टार पवन सिंह के साथ अपने आत्मीय रिश्तों पर खुलकर बातचीत की।

HighLights

  1. बचपन में संघर्ष, प्लेटफार्म पर रातें गुजारकर बने प्रख्यात गायक।

  2. भोजपुरी संगीत में अश्लीलता पर चिंता, साफ-सुथरे संगीत की वकालत।

  3. पवन सिंह संग गुरु-शिष्य से बढ़कर बड़े भाई जैसा आत्मीय रिश्ता।

संजीव कुमार, जमशेदपुर। अपनी मधुर आवाज और पारंपरिक लोकगीतों के जरिए भोजपुरी संगीत जगत में खास मुकाम हासिल करने वाले प्रख्यात गायक गोपाल राय ने अपने शुरुआती संघर्षों, गायकी में आ रही गिरावट और सुपरस्टार पवन सिंह के साथ अपने आत्मीय रिश्तों पर खुलकर बातचीत की। प्रस्तुत हैं उनसे हुई विशेष बातचीत के प्रमुख अंश:
 
सवाल: आपका शुरुआती जीवन और संगीत का सफर किन संघर्षों से गुजरा? भोजपुरी गायकी में पहचान बनाना कितना चुनौतीपूर्ण रहा?
 
जवाब: बचपन में जब से होश संभाला, खुद को गाते-बजाते ही पाया। शुरुआती दौर में गांव के बुजुर्गों और स्कूल के शिक्षकों ने काफी हौसला बढ़ाया। 
 
सातवीं कक्षा में मुझे अपने गुरु श्री परशुराम प्रसाद केसरी का सानिध्य मिला, जो आकाशवाणी व दूरदर्शन के जाने-माने गायक और गीतकार थे। 
 
उन्हीं से मैंने गीत लेखन और गायकी की बारीकियां सीखीं तथा दसवीं में पहुंचते-पहुंचते आकाशवाणी पर गाने लगा। हम मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं, जहां उस दौर में गाने-बजाने को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। 
 
घरवाले चाहते थे कि मैं पढ़-लिखकर कोई नौकरी करूं, इसलिए शुरुआत में कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिला। दिल्ली और मुंबई के सफर में कई बार जेब में सिर्फ आने-जाने का किराया होता था। 
 
मैंने कई रातें रेलवे प्लेटफार्म पर सोकर गुजारीं और रिश्तेदारों के यहां रहकर दिन काटे। 1995 में पहला एल्बम आया, 1997 में टी-सीरीज के लिए गाया और वर्ष 2002 में ‘बड़का घराना’ कैसेट हिट होने के बाद जिंदगी बदल गई। 
 
लोगों की आलोचनाओं और टांग खींचने की कोशिशों पर ध्यान दिए बिना मैं बस अपने काम में जुटा रहा।
 
सवाल: आज भोजपुरी गानों में अश्लीलता और द्विअर्थी शब्दों का इस्तेमाल एक गंभीर चिंता बन गया है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
 
जवाब: देखिए, जहां अच्छाई होती है वहां खराबी भी होती है, लेकिन हमारी भोजपुरी लोक परंपरा में अश्लीलता की कोई जगह नहीं है। 
 
शादी-विवाह या होली जैसे अवसरों पर भी लोकगीतों की अपनी मर्यादा, समय और परिवेश तय होता है। आज कुछ कम जानकारी रखने वाले लोग बिना समझे कुछ भी लिखते और गाते हैं। 
 
मेरा मानना है कि भोजपुरी बेहद सुंदर भाषा है। मैं कौन क्या बुरा कर रहा है इसके चक्कर में नहीं पड़ता, बल्कि सिर्फ अच्छा और साफ-सुथरा संगीत परोसने पर ध्यान देता हूं, ताकि परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर सुन सकें।
 
सवाल: पवन सिंह भोजपुरी संगीत के बड़े सितारे हैं, आपके साथ उनके गुरु-शिष्य जैसे रिश्तों की चर्चा होती है। इस पर क्या कहेंगे?
 
जवाब: पवन सिंह से मेरा रिश्ता गुरु-शिष्य से बढ़कर बड़े और छोटे भाई जैसा है। बचपन से जब हम लोग टी-सीरीज में काम करते थे, तभी से वह भी वहां गाते थे। वह आज भी इस रिश्ते को पूरी आत्मीयता से निभाते हैं। 
 
जब हम भोजपुरी के सबसे बड़े आयोजनों में से एक ‘गढ़ा महोत्सव’ कराते हैं और वहां गरीब बेटियों का विवाह संपन्न होता है, तो पवन सिंह न केवल कार्यक्रम में आकर गाते हैं, बल्कि कन्यादान और बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग भी करते हैं। यह उनकी बड़ी सोच को दर्शाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।