Jamshedpur Crime News: साकची में भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष पर चाकू से हमला
Jamshedpur Crime News साकची थाना क्षेत्र काशीडीह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के साकची मंडल का उपाध्यक्ष सौरभ कुमार के साथ तीन युवकों ने मारपीट की। इसके बाद चाकू से हमला कर घायल कर दिया। धमकी देते हुए हमला करने वाले भाग निकले।
जमशेदपुर, जासं। साकची थाना क्षेत्र काशीडीह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के साकची मंडल का उपाध्यक्ष सौरभ कुमार के साथ तीन युवकों ने मारपीट की। इसके बाद चाकू से हमला कर घायल कर दिया। धमकी देते हुए हमला करने वाले भाग निकले।
इसकी जानकारी देने पर परिचित मौके पर पहुंचे। घायल को एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस को सौरभ कुमार ने बताया कि उस पर रितिक सिंह, श्वेत कुमार, अविनाश उर्फ मेंटल ने चाकू से हमला किया। साकची पलंग मार्केट घर से मंगलवार रात काशीडीह में अपनी नानी के घर दवा पहुंचाने जा रहा था। काशीडीह के होटल के पास युवकों ने उसे घेर लिया। जानलेवा हमला किया।
जादूगोड़ा के नरवा में पिकअप वैन और बाइक में टक्कर, बाइक सवार की मौत
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र नरवा पुल पर बुधवार सुबह पिकअप वैन और बाइक के बीच हुई टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार सुशांतो कुमार सिंह की सदर अस्पताल में मौत हो गई। वह जादुगोड़ा यूसिल कालोनी का रहने वाला था। दुर्घटना के बाद पिकअप वैन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला था। घायल को पुलिस ने मौके पर पहुंच अस्पताल भिजवाया था।
ईंट-बालू की चोरी, प्राथमिकी
मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र भिलाई पहाड़ी के तुरियाबेड़ा निवासी वासुदेव सिंह ने राम लाल हेम्ब्रम, कन्हाई सिंह और सुनील हेम्ब्रम के खिलाफ ईंट और बालू की चोरी कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को बताया उसने अपनी जमीन में ईंट और बालू रखा है जिसकी चोरी तीनों आरोपित कर रहे हैैं।
सोनारी और सीतारामडेरा से बाइक की चोरी
वाहन चोर गिरोह ने सोनारी और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र दो बाइक चुरा ली। सीतारामडेरा हयूम पाइप एरिया निवासी सौरभ कुमार सिंह ने सीतारामडेरा थाना में शिकायत देते हुए बताया उसकी बाइक सिविल कोर्ट परिसर के सामने से चुरा ली गई। दूसरी ओर सोनारी आदर्शनगर मंदाकिनी एनक्लेव निवासी प्रभुनाथ सिंह ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत देते हुए पुलिस को बताया उसकी बाइक गैरेज से चोरी हो गई।
अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री करने वाले पर प्राथमिकी, कार जब्त
सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने उरांव बस्ती में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने वाले शंकर मुंडा के घर पर छापेमारी की। वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उसकी कार को जब्त किया। कार से 194 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपित के खिलाफ विश्वनाथ कुमार राणा की शिकायत पर सीतारामडेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।