Move to Jagran APP

जमशेदपुर शहर में रही शांति, गांवों में दिखा बंद असरदार

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के विरुद्ध कांग्रेस, वामदल, झामुमो का भारत बंद गांवों में असरदार दिखा। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। शहर में कोई खास असर नही दिखा।

By JagranEdited By: Published: Tue, 11 Sep 2018 07:00 AM (IST)Updated: Tue, 11 Sep 2018 07:00 AM (IST)
जमशेदपुर शहर में रही शांति, गांवों में दिखा बंद असरदार

जेएनएन, जमशेदपुर : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के विरुद्ध कांग्रेस, वामदल, झामुमो समेत अन्य विपक्षी दलों का भारत बंद पूर्वी सिंहभूम जिले में कहीं असरदार तो कहीं आंशिक रहा। ¨हसा की कहीं से सूचना नहीं है। जमशेदपुर शहर में बंद समर्थकों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। जनजीवन सामान्य रहा। वहीं गांवों में बंद का असर देखा गया। सबकुछ ठप रहने से जनजीवन प्रभावित रहा।

loksabha election banner

वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) अनूप बिरथरे के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम में 831 बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए। शहर के आंदोलनकारी टेल्को में सबुज कल्याण संघ में बनाए गए जेल में रखे गए थे। देर शाम सभी रिहा कर दिए गए। जिले में 37 थाना क्षेत्र हैं। 14 थाना क्षेत्रों में एक भी बंद समर्थक ने गिरफ्तारी नहीं दी। सुरक्षा के मद्देनजर तीन हजार जवान सड़कों पर उतारे गए थे। 118 लोगों की सर्वाधिक गिरफ्तारी बहरागोड़ा थाने में हुई। वहीं सबसे कम कमलपुर थाने में दो लोगों ने गिरफ्तारी दी।

बंद का जमशेदपुर शहर में असर कम रहा। स्कूल, कालेज, प्रतिष्ठान आम दिनों की तरह खुले रहे। यात्री वाहन थोड़ा कम दिखे। बिष्टुपुर इलाके में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अजय कुमार और मानगो क्षेत्र में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपने कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय दिखे। समर्थकों संग दोनों ने गिरफ्तारी भी दी। चाकुलिया, मुसाबनी व पटमदा प्रखंडों में बंद का काफी असर रहा। सुबह से दुकानें बंद रहीं। सड़क पर वाहन नहीं चले। घाटशिला में दुकानें तो खुली रहीं, पर राष्ट्रीय राजमार्ग-33 समेत अन्य सड़कों पर वाहन कम चलने से लोग परेशान दिखे। दोपहर करीब 12 बजे तक यहां ज्यादातर समर्थक गिरफ्तार कर लिए गए। गालूडीह, जादूगोड़ा प्रखंडों में कोई खास असर नहीं दिखा।

----- पश्चिम सिंहभूम में बंद रहा सबसे असरदार : उधर, पश्चिम सिंहभूम में बंद असरदार रहा। जिला मुख्यालय चाईबासा, चक्रधरपुर व जगन्नाथपुर सहित सभी प्रखंडों में बंद की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सदर अनुमंडल क्षेत्र में 118, जगन्नाथपुर अनुमंडल क्षेत्र में 17 और चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में 69 बंद समर्थकों ने गिरफ्तारी देकर विरोध जताया। वहीं धारा 107 के दायरे में आए 128 लोग जमानत पर रिहा किए गए। बंद के दौरान कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस मुस्तैदी के कारण कांग्रेस और झामुमो के एक भी बड़े नेता सड़क पर नहीं उतरे। सभी भूमिगत हो गए। चाईबासा में नीला नाग ने समर्थकों संग जरूर गिरफ्तारी दी। सभी बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में नजरबंद रखे गए। शाम में छोड़ दिए गए। डीएसपी मुख्यालय अमर पांडेय ने बताया कि बंद शांतिपूर्ण रहा। तोड़फोड़, मारपीट जैसी घटनाओं की कोई सूचना नहीं मिली है।

---- सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में ही दिखा बंद : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर में भारत बंद असरदार रहा। यहां अपराह्न तीन बजे बाद दुकानें खुलीं। सुबह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हाता चाईबासा मुख्य मार्ग के सभी पेट्रोल पंप बंद रहे। यात्री वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। दिन-भर सड़क पर पुलिस मुस्तैद दिखी। कहीं से ¨हसा की कोई सूचना नहीं है। वहीं सरायकेला, सीनी व कोलाबीरा में आंशिक असर देखा गया। हालांकि सड़क पर यात्री वाहन व मालवाहक ट्रकों को परिचालन नहीं हुआ। लंबी दूरी के ट्रक व ट्रेलर जहां-तहां खड़े रहे। इस बीच पुलिस भी चौकस दिखी। बंद के दौरान इस जिले में 399 लोगों ने गिरफ्तारी दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.