बेल्डीह क्लब कर्मियों को मिलेगा 20 फीसद बोनस
बोनस का इंतजार अब आहिस्ता-आहिस्ता खत्म होने लगा है। बेल्डीह क्लब में भी टाटा स्टील के बाद बोनस समझौता हो गया है।
जेएनएन,जमशेदपुर : बोनस का इंतजार अब आहिस्ता-आहिस्ता खत्म होने लगा है। लौहनगरी की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाई टाटा स्टील के बाद अन्य जगहों पर भी बोनस समझौते पर मुहर लगने लगी है। इसी कड़ी में बेल्डीह क्लब के कर्मचारियों को बीस फीसद बोनस मिलेगा। इसे लेकर क्लब प्रबंधन व द कैंटीन होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता पत्र हस्ताक्षरित हो गया। समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को न्यूनतम 29260 व अधिकतम 36576 रुपये मिलेंगे। कुल 100 कर्मचारी इस बोनस से लाभान्वित होंगे। समझौते पत्र पर क्लब प्रबंधन की ओर से चेयरमैन सुनील भास्करन, वाइस चेयरमैन आशीष माथुर, सचिव अमिताभ बक्सी, संयुक्त सचिव रिसद चिन्वय, कोषाध्यक्ष उमानाथ मिश्रा, संयुक्त कोषाध्यक्ष अमरदीप चटवाल, यूनियन से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रसीडेंट बीके डिंडा, महासचिव ददन सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, कर्मचारी प्रतिनिधि जुल्फीकार अली, इब्राहिम, अजीत सिंह ने हस्ताक्षर किए।
टाटा हिताची मदर प्लांट में होगा अंतिम बार बोनस: टाटा हिताची के मदर प्लांट जमशेदपुर में इस साल अंतिम बार बोनस समझौता होगा। कंपनी के सभी कर्मचारी खड़गपुर चले जाएंगे। आगामी एक अक्टूबर से कर्मचारियों को खड़गपुर जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक अभी तक कंपनी के इतिहास में एक ही बार 20 फीसद बोनस मिल पाया है। वित्तीय सत्र 2007-08 में प्रख्यात मजदूर नेता गोपेश्वर की भूमिका से यहां के कर्मचारियों को सर्वाधिक 20 फीसद बोनस मिला था। उस समय कंपनी को 323 करोड़ का मुनाफा हुआ था। सुपरएनुवेशन वाले कर्मियों को 15,000 रुपये मिले थे। वहीं एक साल पूर्व 2006-07 में 18.55 फीसद बोनस दिया गया था। उस समय कंपनी को 183 करोड़ का मुनाफा हुआ था। सुपरएनुवेशन में 10500 रुपये मिले थे। इसी प्रकार वित्तीय सत्र 2013-14 में यहां के कर्मचारियों को 15 फीसद, 2014-15 में 12.5, 2015-16 में 13 व बीते वर्ष 2016-17 में 15 फीसद बोनस मिला था। बीते साल कंपनी को मामूली मुनाफा हुआ था। वित्तीय सत्र 2017-18 में कंपनी को लाभ हुआ है। ऐसे में आकलन किया जा रहा है कि इस बार कर्मचारियों को 16 फीसद से ज्यादा बोनस मिलेगा।
फार्मूले के आधार पर मिलेगा बोनस: टाटा हिताची कर्मियों के बोनस समझौते करने को लेकर फार्मूला बनाया गया है जिसके आधार पर समझौता होता है। फार्मूले में उत्पादन 10, लाभ 6, सुरक्षा 3 व एक प्वाइंट प्रदर्शन के आधार पर मिलेगा।