28 नवंबर को बाखराबाद-दांतन के बीच सिग्नलिंग कार्य; नीलांचल-दुरंतो समेत दर्जनों ट्रेनें चलेंगी देरी से
खड़गपुर रेल मंडल में 28 नवंबर को बाखराबाद-दांतन के बीच सिग्नलिंग कार्य के कारण टाटानगर से आने-जाने वाली दर्जनों ट्रेनें देरी से चलेंगी और छह रद्द रहेंगी।

हल्दीपोखर में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से मेमू ट्रेनें भी प्रभावित होंगी, यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
HighLights
28 नवंबर को बाखराबाद-दांतन के बीच सिग्नलिंग कार्य होगा।
टाटानगर से आने-जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चलेंगी।
छह ट्रेनें रद्द और हल्दीपोखर में मेमू सेवाएं प्रभावित।
जासं, जमशेदपुर। खड़गपुर रेल मंडल के अंतर्गत बाखराबाद और दांतन स्टेशनों के बीच 28 नवंबर को ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली की शुरुआत की जाएगी।
इस तकनीकी कार्य के लिए रेलवे ने पांच घंटे का सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) ब्लॉक तथा विभिन्न रेल लाइनों पर यातायात ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।
इसका सीधा असर टाटानगर से आने-जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे के अनुसार, 28 नवंबर को सुबह सवा आठ बजे से शाम सवा चार बजे तक एसएंडटी, अप व डाउन लाइन तथा ज्वाइंट लाइन में अलग-अलग समय पर ब्लॉक रहेगा।
इस दौरान सिग्नलिंग प्रणाली में बदलाव, ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग की कमीशनिंग और परीक्षण कार्य पूरे किए जाएंगे।
टाटानगर आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनें होंगी देरी से रवाना रेलवे की सूचना के मुताबिक, 27 नवंबर को 12876 आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से चलेगी।
इसी दिन 22612 न्यू जलपाईगुड़ी-चेन्नई एक्सप्रेस तीन घंटे, 17032 आगरा कैंट-चेन्नई एक्सप्रेस दो घंटे और 01929 वीजीएलजे-कुरनूल सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चार घंटे विलंब से रवाना होगी।
वहीं, 28 नवंबर को 12245 हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु दुरंतो एक्सप्रेस तीन घंटे, 18045 शालीमार-चेन्नई ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस ढाई घंटे और 20889 हावड़ा-तिरुपति हमसफर एक्सप्रेस दो घंटे देरी से चलेंगी।
इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों के विलंब से चलने और कुछ का आंशिक परिचालन होने की संभावना है। छह ट्रेनें रहेंगी रद ब्लॉक के कारण छह ट्रेनों का परिचालन रद किया गया है।
इनमें 27 नवंबर को चलने वाली 18037 खड़गपुर-जाजपुर क्योंझर रोड एक्सप्रेस शामिल है। वहीं, 28 नवंबर को 68021 खड़गपुर-बालासोर मेमू, 18015 शालीमार-विजयनगरम एक्सप्रेस, 18016 विजयनगरम-शालीमार एक्सप्रेस, 68022 बालासोर-खड़गपुर मेमू और 18038 जाजपुर क्योंझर रोड-खड़गपुर एक्सप्रेस रद रहेंगी।
हल्दीपोखर में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, मेमू ट्रेनें प्रभावित दूसरी ओर, चक्रधरपुर रेल मंडल के हल्दीपोखर स्टेशन पर अतिरिक्त लोडिंग लाइन बिछाने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाना है।
इसके चलते टाटानगर-बदामपहाड़-टाटानगर मेमू ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित होगा। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 68133-68134 को 27 और 28 नवंबर को रद किया गया है।
जबकि ट्रेन संख्या 68129-68130 का परिचालन 28 नवंबर को नहीं होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन संचालन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।