'कांग्रेस और कॉकरोच एक ही, दोनों अंधेरे में पनपते हैं', जमशेदपुर हिंसा पर बोले बाबूलाल मरांडी
जमशेदपुर में भाजपा-कांग्रेस झड़प के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ...और पढ़ें

बाबूलाल मरांडी (फाइल फोटो)
HighLights
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस को 'कॉकरोच' बताकर तीखा हमला बोला।
जमशेदपुर झड़प को कांग्रेस की हताशा का प्रमाण बताया।
कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प व पथराव के ठीक 24 घंटे बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला है।
साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मरांडी ने कहा कि 'कांग्रेस और काकरोच एक ही हैं' दोनों अंधेरे में पनपते हैं और लोकतांत्रिक ताने-बाने को भीतर से खोखला करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और भाजपा के लोकतांत्रिक विरोध पर पथराव करना कांग्रेस की हताशा का प्रमाण है।
नवरात्र में आस्था पर आघात कर रहा विपक्ष
मरांडी ने कहा कि पवित्र नवरात्र के दौरान जब पूरा देश भक्ति में लीन है, तब कांग्रेस और इंडी गठबंधन सड़कों पर अराजकता फैलाकर भारत की सांस्कृतिक आस्था पर आघात कर रहे हैं। बिष्टुपुर की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केवल विरोध दर्ज कराते हुए कांग्रेस को उसकी जनविरोधी नीतियों की याद दिलाने का कार्य किया था।
इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। नवरात्र जैसे पावन पर्व में उपद्रव और टकराव की राह चुनना विपक्ष की संवेदनहीन मानसिकता को उजागर करता है।
संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता से बेदखल होने के बाद से ही कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की साख गिराने पर तुली है। देश के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट तक सुनियोजित मार्च निकालकर न्यायपालिका को दबाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस देश को बांटने के लिए नकारात्मक नैरेटिव गढ़ रही है।
वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश की ताकत को पूरी दुनिया ने देखा है। केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने और देश के भीतर से माओवाद को जड़ से मिटाने जैसे असंभव कार्य कर दिखाए हैं।
अपने ही घर में इधर से उधर हो रहे नेता
ईचागढ़ के प्रमुख आजसू नेता हरेलाल महतो के हाल ही में समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने पर पूछे गए सवाल पर मरांडी ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि एनडीए एक स्वाभाविक गठबंधन का परिवार है और इसमें नेता 'अपने ही घर में इधर से उधर' हो रहे हैं। इससे क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की नाकामियों को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- हरेलाल महतो के भाजपा में जाने से हलचल: आजसू के गढ़ में सेंध या भाजपा का संगठन विस्तार?
