एमजीएम थाना क्षेत्र से असीम मंडल दस्ते का सक्रिय नक्सली गिरफ्तार Jamshedpur News
गिरफ़तार पीयून बिरहोर नक्सल प्रभावित इलाके में पोस्टर चस्पां करता था। साथी दस्ते लिए राशन-पानी का इंतजाम भी उसी के जिम्मे था।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। मोस्ट वांटेड नक्सली असीम मंडल दस्ते के सदस्य सुभाष मुंडा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पियून बिरहोर को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। गिरफ़तारी के बाद एमजीएम थाना में रख कर पटमदा डीएसपी विजय महतो समेत अन्य अधिकारी दस्ते के संबंध में पूछताछ कर रहें हैं।
पीयून बिरहोर घाटशिला थाना क्षेत्र के पुनगोड़ा का निवासी है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ नक्सली वारदातों के दो मामले दर्ज हैं। गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक गुलशन तिर्की ने गिरफ्तार नक्सली पियून बिरहोर को मीडिया के सामने पेश किया।
गालूडीह, पटमदा और एमजीएम थाना क्षेत्र में रही नक्सली क सक्रियता
बताया गया कि सुभाष मुंडा से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पियून बिरहोर तक पहुंची। उसकी सक्रियता गालूडीह, पटमदा और एमजीएम थाना क्षेत्र में रही है। उसे एमजीएम थाना की पुलिस ने बड़ाबांकी इलाके से गिरफ्तार किया हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह नक्सल प्रभावित इलाके में पोस्टर चस्पां करता था। साथी दस्ते लिए राशन-पानी का इंतजाम करना भी उसी के जिम्मे था।
कोल्हान डीआइजी के निर्देश के बाद शुरू हुए अभियान को मिली सफलता, पकड़ा गया एक लाख का इनामी
मालूम हो कि गत दिनों कोल्हान में नक्सली गतिविधियों व सक्रियता पर लगाम लगाने को लेकर कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन ने बैठक की थी। जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारियों को नक्सल गतिविधियों पर रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। मंगलवार को पुलिस ने मोस्ट वांटेड नक्सली असीम मंडल दस्ते के सदस्य सुभाष मुंडा को गिरफ्तार किया था। उसपर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था।