विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पंचायत-5' में दिखेगा अलग अंदाज, अभिनेता अशोक पाठक ने जमशेदपुर में साझा किए संघर्ष और गांव से जुड़ाव के अनुभव

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:37 PM (IST)

अभिनेता अशोक पाठक ने जमशेदपुर में बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में 'पंचायत' के संवाद सुनाए और भोजपुरी में प्रशंसकों से बातचीत की। 

बुधवार को राजेंद्र विद्यालय आडिटोरियम में वेब सीरीज पंचायत के बिनोद यानी अभिनेता अशोक पाठक ने अपने अंदाज में डायलाग सुनाया, पूरा आडिटोरियम तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।

बुधवार को राजेंद्र विद्यालय आडिटोरियम में वेब सीरीज पंचायत के बिनोद यानी अभिनेता अशोक पाठक ने अपने अंदाज में डायलाग सुनाया, पूरा आडिटोरियम तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।

HighLights

  1. अशोक पाठक ने 'पंचायत' के संवादों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

  2. अभिनेता ने संघर्ष, शिक्षा और गांव से जुड़े रहने पर जोर दिया।

  3. 'पंचायत-5' में अपने नए किरदार का खुलासा किया।

जासं, जमशेदपुर। 'गरीब हूं, गद्दार नहीं... देख रहे हो न विनोद!' चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत' का यह लोकप्रिय संवाद बुधवार को राजेंद्र विद्यालय आडिटोरियम में खूब गूंजा। 
 
अवसर बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह का था। मंच पर 'पंचायत' के बिनोद यानी अभिनेता अशोक पाठक मौजूद थे और सामने बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक। 
 
अशोक पाठक ने जैसे ही अपने खास अंदाज में यह संवाद सुनाया, पूरा सभागार तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। हालांकि, यह शाम केवल मशहूर संवादों तक ही सीमित नहीं रही। 
 
बिहार की मिट्टी की महक, गांव का अपनापन और संघर्ष की प्रेरक कहानी ने इस आयोजन को बेहद खास और यादगार बना दिया।
 
कार्यक्रम का सबसे जीवंत और आकर्षक क्षण तब आया, जब दर्शकों ने अशोक पाठक से भोजपुरी में सवाल पूछने शुरू किए। अभिनेता ने भी ठेठ भोजपुरी में ही बेबाक और दिलचस्प जवाब दिए। 
 
इसके बाद तो पूरे आडिटोरियम का माहौल ही बदल गया। किसी ने गांव की बोली में सवाल किया तो किसी ने उसी आत्मीयता के साथ अभिनेता से अपने मन की बात पूछी। 
 
भोजपुरी में हुए इस सवाल-जवाब पर दर्शक खूब मुस्कुराए और तालियों से उत्साह बढ़ाते रहे। सभागार में मौजूद लोगों को ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वे किसी भव्य आडिटोरियम में नहीं, बल्कि अपने गांव की चौपाल में बैठे हों। 
 
चूंकि अशोक पाठक स्वयं बिहार से आते हैं, इसलिए उनकी बोली और सहज अंदाज ने दर्शकों के साथ सीधा भावनात्मक जुड़ाव स्थापित कर दिया।
 

बिना संघर्ष के सफलता संभव नहीं 

rv

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए अशोक पाठक ने कहा कि आज की पीढ़ी कम समय में और रातोंरात कामयाबी पाना चाहती है, जबकि बिना संघर्ष के कुछ भी हासिल करना संभव नहीं है। 
 
जो लोग जीवन में सफल हुए हैं, उनके पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी अवश्य होती है। उन्होंने कहा कि भाग्य और किस्मत अपनी जगह हैं, लेकिन शिक्षा ऐसा सशक्त माध्यम है, जो इंसान की तकदीर बदल सकती है। 
 
चाहे अभिनेता बनना हो, डॉक्टर या इंजीनियर, हर क्षेत्र में पढ़ाई बेहद जरूरी है। अशोक पाठक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 'पंचायत' के लिए ऑडिशन देने की उनकी कोई इच्छा नहीं थी, क्योंकि वे इस तरह की भूमिकाओं में पहले भी कई फिल्में कर चुके थे। 
 
लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि दर्शक 'पंचायत' को इतना प्रेम देंगे और बिनोद का किरदार उनकी पहचान बन जाएगा। 
 
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जीवन में कोई भी अवसर मिले तो उसे अपनाना चाहिए, क्योंकि हर अनुभव कुछ न कुछ जरूर सिखाता है।
 

गांव ही मेरी पहचान, इसे कभी मत छोड़िए 

अभिनेता ने अपने गांव से जुड़े रहने की वजह भी साझा की। उन्होंने कहा कि वे गांव से हैं और यही उनकी वास्तविक पहचान है। 
 
प्रायः लोग कामयाब होने के बाद अपना गांव छोड़ देते हैं, लेकिन वे आज भी पर्व-त्योहारों पर अपने गांव जरूर जाते हैं और वहां के लोगों से मिलते हैं। 
 
उन्होंने कहा कि गांव में जो संस्कार, अपनापन, सम्मान और स्नेह मिलता है, वह शहरों में कहां देखने को मिलता है। शहरों में कई बार पड़ोसी भी एक-दूसरे को नहीं पहचानते, जबकि गांव में आसपास के लोग भी हालचाल लेने पहुंच जाते हैं। 
 
उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि चाहे वे कितने भी सफल क्यों न हो जाएं, अपने गांव से नाता कभी न तोड़ें।
 

पंचायत-5 में दिखेगा अलग अंदाज 

अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए अशोक पाठक ने बताया कि वे दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुके हैं और अभिनेता विजय सेतुपति के साथ भी स्क्रीन साझा कर चुके हैं। 
 
जल्द ही ऋतिक रोशन के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले आने वाली फिल्म में भी वे एक अलग भूमिका में दिखाई देंगे। उन्होंने तीन दिसंबर को 'पंचायत-5' के रिलीज होने की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार उनका किरदार अलग होगा, हालांकि उन्होंने इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। 
 
समारोह के दौरान 'पंचायत-5' का टीजर भी दिखाया गया, जिसमें उनके सामने ''विनोद नाम है मेरा...'' लिखा नजर आया, जिससे दर्शकों में नए किरदार को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई।
 

अभिनय में जरूरी है लगातार अभ्यास 

अशोक पाठक ने कहा कि अभिनय हो या कोई अन्य क्षेत्र, निरंतर अभ्यास और परिश्रम आवश्यक है। लोगों को हंसाना सबसे कठिन कार्यों में से एक है, जिसके लिए कभी बच्चा बनना पड़ता है तो कभी गंभीर, कभी नटखट तो कभी समझदार। 
 
उन्होंने कहा कि मनुष्य के भीतर कई रंग होते हैं और उसका व्यवहार घर, दफ्तर व दोस्तों के बीच अलग-अलग होता है। अभिनय में इन्हीं भावनाओं को समझकर पर्दे पर उतारना होता है। 
 
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि किसी के दबाव में आकर करियर का निर्णय न लें, बल्कि जिस विषय में रुचि हो, उसी दिशा में ईमानदारी से मेहनत करें। भोजपुरी सिनेमा को लेकर उन्होंने कहा कि यदि अच्छी कहानी आएगी तो दर्शक अवश्य पसंद करेंगे।
 

पहली बार जमशेदपुर आए अशोक पाठक 

अशोक पाठक ने कहा कि वे पहली बार जमशेदपुर आए हैं, लेकिन कम समय में ही यह शहर उन्हें काफी अच्छा लगा। अवसर मिला तो वे दोबारा जरूर आएंगे और शहर की खूबसूरती निहारेंगे। 
 
उन्होंने अपना पसंदीदा संवाद 'गरीब हूं, गद्दार नहीं' भी सुनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा और विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू) उपस्थित रहे।
 
इसके अलावा बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी, एसके सिंह, विवेकानंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।