Accident : सरायकेला में सड़क दुर्घटना में सेना के जवान की मौत, दो दिन पहले छुट्टी पर आया था घर
Accident in Saraikela. कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसे ने सेना के एक जवान की जिंदगी लील ली। जवान दो दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आया था।
सरायकेला, जासं। कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसे ने सेना के एक जवान की जिंदगी लील ली। बड़ाबांबो-कुचाई मुख्य मार्ग पर सोनापोस गांव के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। इस दुर्घटना में छोटाबांबो गांव के कार्तिक महतो के पुत्र नरसिम्हा महतो (25) की मौत हो गयी, जबकि बाइक पर बैठे छोटाबांबो गांव के ही एक युवक मिहिर महतो (40) का पैर टूट गया।
जानकारी के अनुसार आमदा ओपी क्षेत्र के छोटाबांबो गांव के नरसिम्हा महतो और मिहिर महतो रविवार को दोपहर करीब दो बजे एक बाइक पर सवार होकर बड़ाबांबो से कुचाई की ओर जा रहे थे। इस दौरान सोनापोस गांव के पास बीच सड़क पर अचानक कुछ मवेशी आ गए। इन मवेशियों को बचाने के क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर एक बिजली के पोल से टकरा गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना करीब तीन बजे के आसपास की बताई जा रही है। दुर्घटना की जानकारी पुलिस को शाम सात बजे मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोगों ने गंभीर रूप से घायल नरसिम्हा महतो को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर इस सड़क दुर्घटना में घायल मिहिर महतो का खरसावां के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ममेरे भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला था जवान
नरसिम्हा महतो के पिता कार्तिक महतो ने बताया कि नरसिम्हा सेना में कार्यरत था। नरसिम्हा की पदस्थापना लद्दाख में थी। विगत पांच जून को वह अपने गांव लौटा था। रविवार को वह अपने ममेरे भाई की शादी का कार्ड बांटने के लिए कुचाई के किसी गांव में जा रहा था। इस दौरान सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गयी।