पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, नौ माह पहले किया था प्रेम विवाह
झारखंड में जमशेदपुर के चांडिल थाना के चैनपुर में पति और पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जेएनएन, जमशेदपुर। चांडिल थाना के चैनपुर में दंपती ने फांसी लगा मंगलवार की देर रात आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह जब ये दंपती अपने कक्ष से निकले तो परिजनों को शंका हुई। देखा तो पाया कि दोनों घर में सीलिंग की हुई लकड़ी से लटके हुए थे। आनन-फानन में चांडिल थाने को इसकी सूचना दी गई। थाना प्रभारी आदि कांत महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंचने के बाद मामले की जांच की गई तो मृतका का सुसाइड नोट भी मिला।
मृतका चांदनी टुडू ने अपने सुसाइड नोट में बताया कि उसकी शादी नवंबर 2017 में संजय हेंब्रम के साथ हुई थी। परिजनों के दबाव में यह शादी हुई थी। लेकिन वे अपनी शादी से खुश नहीं थे। एक ही कमरे में रहने के बावजूद पति पत्नी जैसे रिश्ते भी नहीं बन पाए थे। हम आपसी रिश्ते पूरी तरह से संतुष्ट नहीं थे, इस कारण हमने यह कदम उठाया।
इधर, मृतक के परिजनों ने बताया कि शादी कोई जबरदस्ती से नहीं की गई थी। दोनों की मर्जी से ही शादी हुई थी। लेकिन सुसाइड नोट में ऐसा क्यों लिखा गया यह मालूम नहीं। परिजनों ने पुलिस से मामले की छानबीन की गुहार लगाई है। इधर, इस सामूहिक आत्महत्या मामले की जांच करने पहुंचे एसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। प्रथमद्रष्टया यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस इस मामले की तहत तक पहुंचेगी। इस घटना को लेकर तरह-तरह के चर्चाओं का दौर है। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।