रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 23 से 29 नवंबर तक कई लोकल व मेमू ट्रेनें रहेंगी रद, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का बदला मार्ग
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 23 से 29 नवंबर तक ट्रैक रखरखाव और तकनीकी मरम्मत कार्य के कारण ट्रेन परिचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे ट्रैक के रखरखाव कार्य को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में अगले सात दिनों तक ट्रेन परिचालन प्रभावित रहेगा।
संसू, रघुनाथपुर। रेलवे ट्रैक के रखरखाव और तकनीकी मरम्मत कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में अगले सात दिनों तक ट्रेन परिचालन प्रभावित रहेगा।
23 से 29 नवंबर तक लिए जाने वाले 'रोलिंग ब्लॉक' के तहत विभिन्न रेलखंडों में कार्य किए जाएंगे। इसके चलते कई लोकल और मेमू ट्रेनों को रद कर दिया गया है।
कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं और कई की यात्रा संक्षिप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) की गई है। इससे नवंबर के अंतिम सप्ताह में दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आद्रा मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) तथा सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) विभाग संयुक्त रूप से इस कार्य को अंजाम देंगे।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिसंपत्तियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
रद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
- 23 से 29 नवंबर तक: आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू (68046/68045) और आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077/68078) का परिचालन पूरी तरह रद रहेगा।
- 23, 25, 26 और 28 नवंबर को: आद्रा-बराभूम-आद्रा मेमू (68053/68054) नहीं चलेगी।
- 24, 27 और 29 नवंबर को: आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा मेमू (68090/68089) और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू (63594/63593) का परिचालन बंद रहेगा।
इन ट्रेनों की यात्रा होगी संक्षिप्त
टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू (68056/68060) 24, 26, 27 और 29 नवंबर को आद्रा स्टेशन से ही अपनी यात्रा शुरू और समाप्त करेगी।
इन तिथियों में आद्रा-आसनसोल-आद्रा रेलखंड पर इसकी सेवा नहीं मिलेगी। इसी तरह, आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 26 नवंबर को आद्रा स्टेशन तक ही सीमित रहेगी और आद्रा-पुरुलिया-आद्रा खंड पर नहीं चलेगी।
एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव
- टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस (18601): 23, 25 और 28 नवंबर को यह ट्रेन चांडिल-पुरुलिया-कोटशिला-मुरी के बजाय परिवर्तित मार्ग चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होकर चलेगी।
- खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस (18035): 26 नवंबर को खड़गपुर से अपने निर्धारित समय से 60 मिनट की देरी से रवाना होगी।
- बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184): 24, 27 और 29 नवंबर को मार्ग में आवश्यकतानुसार 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन समय-सारणी और परिचालन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।