विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में पुलिस मुखबिरी के शक में युवक को मारी गोली, बस्ती में तनाव

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:38 AM (IST)

सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में पुलिस मुखबिरी के शक में अब्दुल जाफर नामक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।

टीएमएच में इलाजरत घायल युवक।(जागरण)

टीएमएच में इलाजरत घायल युवक।(जागरण)

HighLights

  1. अब्दुल जाफर पर पुलिस मुखबिरी के शक में जानलेवा हमला हुआ।

  2. कुख्यात अजहर और कलीम ने ब्राउन शुगर कारोबार के लिए गोली मारी।

  3. घटना के बाद मुस्लिम बस्ती में तनाव, पुलिस संदिग्धों की तलाश में।

संवाद सूत्र, आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात पुलिस मुखबिरी के शक में बेखौफ अपराधियों ने अब्दुल जाफर नामक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।

सिर को छूती हुई गोली निकलने से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उसका सघन इलाज जारी है।

घायल युवक इलाके के इमरान का छोटा भाई बताया जाता है। वारदात के बाद आक्रोशित बस्तीवासियों ने अस्पताल से लेकर इलाके तक हंगामा शुरू कर दिया।

क्षेत्र के कुख्यात अपराधी अजहर और कलीम शुक्रवार रात बस्ती में मौजूद थे। इसी दौरान किसी मामले में आदित्यपुर पुलिस ने इलाके में दबिश दी। पुलिस की अचानक दस्तक से दोनों अपराधी बौखला गए। उन्हें संदेह हुआ कि पुलिस को उनकी मौजूदगी की गुप्त सूचना अब्दुल जाफर ने दी है।

इसी रंजिश में दोनों ने जाफर को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए पिस्तौल निकालकर फायरिंग झोंक दी। कुख्यात कादिम और डाली परवीन गिरोह से जुड़े ये दोनों पुराने अपराधी लंबे समय बाद इलाके में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार को फिर से संगठित करने के मकसद से बैठक करने पहुंचे थे।

पिस्तौल लहराते हुए फरार

गोलीबारी की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए।

सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों के एक संदिग्ध सहयोगी को हिरासत में ले लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के जुगसलाई में पुलिस की कार्रवाई, देसी पिस्टल और कारतूस के साथ 5 बदमाश गिरफ्तार