विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला के आदित्यपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

Published: Wed, 22 Jul 2026 08:06 PM (IST)

आदित्यपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला बबिता सिंह से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। यह ...और पढ़ें

AI Generated Image.

AI Generated Image.

HighLights

  1. मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन छीनी गई।

  2. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हुई।

  3. बदमाशों ने हेलमेट और फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया।

संसू, आदित्यपुर। सरायकेला के आदित्‍यपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर बुधवार तड़के बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से सोने की चेन झपट ली। 
 
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आदित्यपुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
 

हेलमेट और फर्जी नंबर प्लेट का किया इस्तेमाल

पीड़िता की पहचान बबिता सिंह (पति दिलीप सिंह) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जब वह सुबह टहलने निकली थीं, तभी नायक होटल के समीप बाइक सवार दो उचक्के उनके करीब आए और पलक झपकते ही गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इसमें यह पता चला है क‍ि दोनों बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।

बाइक चला रहा युवक हाफ पैंट पहने हुए था। बाइक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगे हुए थे। इससे स्पष्ट होता है कि बदमाशों ने पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया है।
 

स्थानीय लोगों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद से क्षेत्र के निवासियों में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरआईटी मोड़ और आसपास का क्षेत्र लगातार आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बनता जा रहा है। 
 
इलाके के एक होटल में चल रही कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर भी पूर्व में शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।


मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पार्षद मनोरमा देवी ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर तुरंत प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों और संदिग्ध वाहन की पहचान करने में जुटी है।