जमशेदपुर के बारीगोड़ा में एसी ब्लास्ट, घर की उड़ी छत, छह की हालत गंभीर Jamshedpur News
जमशेदपुर के परसूडीह थाना इलाके के बारीगोड़ा में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक घर में एसी में आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में घायल छह लोगों की हालत नाजुक बनी है।
जमशेदपुर, जेएनएन। जमशेदपुर के टेल्को थाना इलाके के बारीगोड़ा में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक घर में एसी में आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट से घर की छत उड़ गई और घर सभी छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया जहां एक महिला को छोड़कर शेष पांच को टीएमएच रेफर कर दिया गया है।
एसी ब्लास्ट की घटना केदार सिंह के घर में हुई। केदार सिंह के पुत्र टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारी हैं। बताते हैं कि जिस समय एसी के कंप्रेशर में आग लगी, घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। किसी की नींद खुली तो अन्य सदस्यों को जगाया। इसी बीच जोरदार धमाका हुआ। धमाके से घर की छत उड़ गई और घर सके सभी सदस्य घायल हो गए। घायलों में एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। सबों को आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद घायल महिला को छोड़कर शेष पांच को टीएमएच रेफर कर दिया। सबों का वहां इलाज चल रहा है।
इलाके में मची अफरातफरी
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। सभी घटनास्थल की ओर दौड़े। घर और परिवार के सदस्यों की हालत देखकर सभी सन्न रह गए। इलाके में इस तरह की पहली घटना है।
ये रहे घायल
घायलों में टाटा मोटर्स कर्मचारी संजीत सिंह, उनकी पत्नी खुशबू, पुत्री आयुषी, पुत्र आर्यन, संजीत के भांजा की पत्नी अंजू और संजीत की मां शामिल है। संजीत और उसके तीन वर्षीय पुत्र की हालत गंभीर बनी है।