अबुआ आवास की चाबी संग 45 परिवारों का गृहप्रवेश
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जमशेदपुर में अबुआ आवास योजना के अंतर्गत 45 जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर की चाबियां सौंपी गईं।

पात्र गरीब परिवारों को तीन कमरों और एक रसोईघर युक्त पक्का मकान बनाने के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
HighLights
45 परिवारों को अबुआ आवास योजना के तहत घर मिले।
जमशेदपुर सदर और पोटका प्रखंड में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
योजना से स्वरोजगार और आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।
जासं, जमशेदपुर । झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (15 से 28 नवंबर) के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सौगात मिली है।
इस विशेष अभियान के तहत जमशेदपुर सदर और पोटका प्रखंड में भव्य 'गृहप्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समारोह में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने जमशेदपुर सदर प्रखंड के 20 लाभुकों तथा पोटका विधायक संजीव सरदार ने पोटका प्रखंड के 25 लाभुकों को अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित पक्के घरों की सांकेतिक चाबी, उपहार और विभिन्न सरकारी योजनाओं की परिसंपत्तियां सौंपीं।
पक्की छत पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे
वर्षों से कच्चे और जर्जर मकानों में जीवनयापन करने को मजबूर इन 45 परिवारों के चेहरे अपने पक्के घर की चाबी पाकर खुशी से खिल उठे।
लाभुकों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्या है अबुआ आवास योजना?
झारखंड सरकार की इस महत्वाकांक्षी राज्य पोषित योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को तीन कमरों और एक रसोईघर युक्त पक्का मकान बनाने के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
इसके अतिरिक्त, घर के निर्माण कार्य में लाभुकों को मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान भी किया जाता है।
आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देना उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र लाभुकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के आवास के साथ-साथ स्वरोजगार, कृषि और आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई है।