स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में 35 लाख का कारोबार, साई ब्यूटी को मोस्ट इनकम स्टाल का अवार्ड
बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में लगे तीन दिनी स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में कुल 35 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। सबसे ज्यादा कारोबार महिला समिति साई ब्यूटी ने किया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में लगे तीन दिनी स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में कुल 35 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। सबसे ज्यादा कारोबार महिला समिति साई ब्यूटी ने किया। इसने तीन दिन में 38 हजार रुपये का कारोबार किया है। इसे सबसे ज्यादा कारोबार करने पर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी ने अवार्ड दिया है।
नंद को बेस्ट हाइजेनिक स्टाल अवार्ड
फेस्टिवल में लगे जूस स्टाल के मालिक नंद किशोर को सबसे साथ-सुथरा स्टाल का अवार्ड मिला है। नृत्य का अच्छा प्रदर्शन करने पर जेएनएसी की कर्मी दिव्या को भी अवार्ड दिया गया। फेस्टिवल में सबसे ज्यादा कारोबार महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टाल पर हुआ है। समूहों ने स्ट्रीट फूड के साथ ही विभिन्न उत्पाद बेचे हैं। इसमें चाक से लेकर ऊनी कपड़े और अन्य चीजें शामिल हैं। फेस्टिवल का समापन रात को हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद हुआ। यहां राजस्थानी और पंजाबी कला का भी प्रदर्शन किया गया।
तंदूरी चाय को बेस्ट लविंग स्टाल
स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में तंदूरी चाय के स्टाल को बेस्ट लविंग स्टाल का अवार्ड दिया गया है। अवार्ड स्टाल के राहुल कुमार को मिला है। फेस्टिवल के दौरान तीनों दिन इस स्टाल पर सबसे ज्यादा भीड़ लगी रही। लोगों ने तंदूरी चाय और तंदूरी चाकलेट चाय खूब पसंद की।