जमशेदपुर के गुड़ाबांदा में बड़ी लापरवाही: आवासीय विद्यालय से तीन छात्राएं गायब, पुलिस और प्रशासन की तलाश जारी
गुड़ाबांदा के झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय से तीन सबर छात्राएं छात्रावास की दीवार फांदकर फरार हो गईं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

देर रात तक पुलिस और प्रशासन की टीमें लापता छात्राओं की खोजबीन में जुटी रहीं।
HighLights
गुड़ाबांदा आवासीय विद्यालय से तीन सबर छात्राएं फरार हुईं।
छात्रावास की दीवार फांदकर निकलीं, सुरक्षा में चूक।
पुलिस और प्रशासन लापता छात्राओं की तलाश में जुटे।
संवाद सूत्र, गुड़ाबांदा। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत ज्वालकाटा स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है।
बीते मंगलवार को विद्यालय के छात्रावास से तीन सबर (आदिम जनजाति) छात्राएं चहारदीवारी फांदकर फरार हो गईं। घटना के सामने आते ही विद्यालय प्रबंधन से लेकर स्थानीय प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया है।
छठी और सातवीं कक्षा की छात्राएं हैं शामिल
देर रात तक पुलिस और प्रशासन की टीमें लापता छात्राओं की खोजबीन में जुटी रहीं। मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने वाली छात्राओं में ज्वालकाटा सबर बस्ती की दो सगी बहनें (कक्षा छठी और सातवीं की छात्रा) तथा सापुआ माकड़ी की एक छात्रा (कक्षा छठी) शामिल है।
मंगलवार को तीनों छात्राएं सुरक्षा कर्मियों की नजरों से बचकर छात्रावास की दीवार फांदकर बाहर निकल गईं। जब छात्रावास में उनकी अनुपस्थिति का पता चला, तो प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए और तत्काल उनकी तलाश शुरू की गई।
बीडीओ ने की पुष्टि, वार्डेन ने नहीं उठाया फोन
इस संबंध में गुड़ाबांदा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डांगुर कोड़ाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विद्यालय की वार्डेन की ओर से तीन छात्राओं के छात्रावास से भागने की सूचना प्राप्त हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुड़ाबांदा थाना पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम संभावित ठिकानों और छात्राओं के गांवों में खोजबीन कर रही है।
वहीं, घटना को लेकर जब विद्यालय की वार्डेन गुरुबारी मार्डी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, कम ऊंची दीवार बनी वजह
हैरानी की बात यह है कि इस आवासीय विद्यालय से छात्राओं के भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार छात्राएं दीवार फांदकर छात्रावास से निकल चुकी हैं।
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में ठोस सुधार न होना प्रबंधन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, विद्यालय की चहारदीवारी की ऊंचाई काफी कम है, जिसका फायदा उठाकर बच्चियां आसानी से दीवार फांद जाती हैं।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन से दीवार के ऊपर कंटीले तारों की घेराबंदी (फेंसिंग) लगवाने की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है।