मनोहरपुर में तीन, धालभूम व जमशेदपुर में मिले एक-एक कोरोना संक्रमित, पश्चिमी सिंहभूम में 13 हुई संख्या Jamshedpur News
मंगलवार को व धालभूम व जमशेदपुर में एक-एक जबकि पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में तीन संक्रमित मिले हैं। कोल्हान में 44 हुई संख्या।
जमशेदपुर/चाईबासा (जेएनएन)। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर व धालभूम में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिला तो पश्चिमी सिंहभूम से भी तीन संक्रमित मिलने की खबर आई है। पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
इसके साथ ही पश्चिमी सिंहभूम में कुल संक्रमितों की संख्या 13 हो गई है जबकि पूर्वी सिंहभूम में मिले दो कोरोना पॉजिटिव के साथ इस जिले में संक्रमितो की कुल संख्या 27 हो चुकी है। सुबह जमशेदपुर में पाया गया कोरोना संक्रमित व्यक्ति पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला है और टीएमएच में इलाजरत था। वह विगत 24 मई को टीएमएच में भर्ती हुआ था।
मंगलवार को उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे टीएमएच के ही कोराना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान का काम शुरू कर दिया गया।
धालभूमगढ़ में मिला एक कोरोना पॉजिटिव
धालभूमगढ़ के दोलकी गांव में रहे प्रवासी मजदूर का टेस्ट कोरोना पॉजिटिव आया है। यह मजदूर कदमा क्वारंटाइन सेंटर में था। यह मजदूर मुंबई से आया था। इस मजदूर आठ अन्य मजदूर भी आये थे। सभी के सभी धालभूमगढ़ के दोलकी गांव के रहने वाले है। ये सारे मजदूर 21 मई को जमशेदपुर पहुंचे थे। वहीं उन सभी मजदूरों की जांच की गई। ये मजदूर जिद पर अड़े थे कि वे सभी स्वस्थ्य हैं, उन्हें ईद पर घर जाने दिया जाये। प्रशासन ने क्वारंटाइन सेंटर से सभी मजदूरों को दोलकी गांव पहुंचाया। मंगलवार को इनमें से एक मजदूर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
मंगलवार को मिले इन दोनों कोरोना पॉजिटिव के साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 हो गई है। सरायकेला-खरसावां जिले में अबतक कोरोना पॉजिटिव की संख्या चार जबकि पश्चिमी सिंहभूम में अबतक अब 13 है। इस तरह कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 44 हो चुकी है।
इसके पूर्व सोमवार को पूर्वी सिंहभूम में एक जबकि पश्चिमी सिंहभूम में तीन कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में मिला कोरोना पॉजिटिव महाराष्ट्र से लौटकर आया था और उसे सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था।