पूर्वी सिंहभूम में बरसात से पूर्व लगेंगे 2 लाख 40 हजार पौधे
2019-20 में विभागीय व कैंपा योजना के तहत 1200 हेक्टेयर वन भूमि पर 2 लाख 40 हजार विभिन्न प्रकार के फलदार व छायेदार पौधे लगाए जाएंगे।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर वन प्रमंडल द्वारा 2019-20 में विभागीय व कैंपा योजना के तहत 1200 हेक्टेयर वन भूमि पर 2 लाख 40 हजार विभिन्न प्रकार के फलदार व छायेदार पौधे लगाए जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर वन प्रमंडल के डीएफओ डा. अभिषेक कुमार ने बताया कि चाकुलिया वन प्रक्षेत्र के दांदुडीह व गंधानाटा में 50 हेक्टेयर में 10 हजार पौधे, कटुशोल के 55 हेक्टेयर में 11000 पौधे, बागडीहा व महेशपुर के 50 हेक्टेयर में 10 हजार पौधे, कशिया व रुपुषकुंडी के 50 हेक्टेयर में 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा मानगो प्रक्षेत्र में 39 हजार पौधे, राखामाइंस प्रक्षेत्र में 20 हजार पौधे, मुसाबनी प्रक्षेत्र में 40 हजार पौधे, घाटशिला वन प्रक्षेत्र में 20 हजार पौधे विभागीय योजना के तहत लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न वन प्रक्षेत्र में कैंपा योजना के तहत 80 हजार पौधे लगाए जाएंगे। जमशेदपुर के डीएफओ डा. अभिषेक कुमार ने बताया कि पूर्व में जहां हर वर्ष 9 लाख 10 लाख पौधे लगाए जाते थे।
इस वर्ष सरकार ने निर्णय लिया है कि अब कम पौधे लगाए जाएं, लेकिन जो वर्तमान में जो जंगल या पेड़ बचे हैं उसे कैसे बचाया जाए इस पर जोर दिया जा रहा है। यही कारण है कि वन विभाग पौध रोपण पर कम जंगल बचाने पर ज्यादा जोर दे रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप