जमशेदपुर रेडियो श्रोता संघ ने किया अनूठा आयोजन, शहर की महिला गायकों को किया सम्मानित
Jamshedpur Radio Listeners Association. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यूं तो शहर में कई कार्यक्रम हुए लेकिन जमशेदपुर रेडियो श्रोता संघ का आयोजन अनूठा रहा। इस संस्था ने पहली बार शहर की महिला गायकों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया।
जमशेदपुर, जासं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यूं तो शहर में कई कार्यक्रम हुए, लेकिन जमशेदपुर रेडियो श्रोता संघ का आयोजन अनूठा रहा। इस संस्था ने पहली बार शहर की महिला गायकों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया।
साकची के होटल कृष्णा इन में आयोजित कार्यक्रम में इन गायिकाओं को भारतीय फिल्म जगत की मशहूर पुरानी पार्श्व गायिकाओं के सम्मान में संगीत संध्या का भी आयोजन हुआ। बहरहाल, महिला दिवस पर जो गायिका सम्मानित की गईं, उनमें सुतूलिका दास, अमनदीप कौर, जयश्री बाबूराव, भावना बाबूराव, प्राची मिश्रा, सुमैया शमीम व संगीता दुबे शामिल थीं।
वहीं इन गायिकाओं ने पुराने जमाने की मशहूर गायिका नूरजहां, अमीरबाई कर्नाटकी, जोहराबाई अंबाले वाली, गीता दत्त, सुरैया, मुबारक बेगम, कमल बारोट, जगजीत कौर, सुधा मल्होत्रा आदि के गीत सुनाए। संगीत संध्या की मुख्य अतिथि समाजसेवी नीता शाह थीं। सभी गायिकाओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के उपाध्यक्ष वी. रमन व धन्यवाद ज्ञापन संगीत संयोजक वी. कृष्णा राव ने किया, जबकि स्वागत भाषण अध्यक्ष भारत भूषण दोस्त ने दिया।
पहली बार सम्मान
इस गुलाबी संगीत संध्या में जमशेदपुर रेडियो श्रोता संघ के सदस्य अपनी पत्नियों के साथ मौजूद थे, जबकि इस पूरे समारोह का सफल प्रबंध होटल कृष्णा इन के सुनीत कुमार ने बेहतरीन ढंग से किया। इस दौरान श्रोता के रूप में सुषमा, गुलाब, कमलाकर, अरुण कुमार, एसके देबुका, बलदेव सिंह, जगदीश, निरंजन, घनश्याम कावंटिया, शैलेंद्र, अमरजीत, पीयूष, श्याम, पलक वखारिया, रंजीत सिंह गबरी आदि उपस्थित थे। ज्ञात हाे कि इससे पहले महिला गायकों को महिला दिवस पर कभी सम्मानित नहीं किया गया था।