फूलों से सजा श्रीराम मंदिर, राम-नाम से भक्तिमय हुआ माहौल
सिदगोड़ा के सूर्यधाम परिसर में श्रीराम मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर प्रारंभ हुआ संपुट रामायण पाठ।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बने भव्य श्रीराम मंदिर की पहली वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। जय श्रीराम के जयकारे से पूरा माहौल भक्तिमय हो रहा था। श्रीराम मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर श्रीराम मंदिर, सूर्यधाम परिसर व आसपास के क्षेत्रों में आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ रंगबिरंगी पुष्पसज्जा की गई है।
सूर्य मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के दिशा-निर्देश में आयोजित दो दिवसीय वर्षगांठ समारोह का शुभारंभ शनिवार को दोपहर 11.45 बजे अभिजीत मुहूर्त में संगीतमय संपुट रामायण पाठ से हुआ। इससे पहले आचार्यों की टोली ने कलश स्थापन, नवग्रह मंडल पूजन, कुलदेवी पूजन, प्रधान देवता प्रभु श्रीराम जी की पूजा कर सभी देवी-देवताओं की विधिवत आरती की। आरती के पश्चात हनुमान चालीसा पाठ किया गया। मंदिर परिसर में की गई सजावट इतनी मनमोहक थी कि हर श्रद्धालु को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। इस दौरान श्रीराम मंदिर में फूलों के साथ आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी। आसपास के क्षेत्रों में लगे केसरिया ध्वज ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि अयोध्याधाम की तर्ज पर जमशेदपुर में बना भव्य श्रीराम मंदिर शहर की आस्था का केंद्र बन गया है। जनमानस के रोम-रोम में बसे प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण पिछले वर्ष पूर्ण हुआ। रामायण पाठ की पूर्णाहुति रविवार को शाम पांच बजे होगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 1100 दीपक प्रज्वलित कर महाआरती की जाएगी। आयोजन के अंतिम दिन दक्षिण भारत के पुरोहित शामिल होंगे।
इस दौरान अध्यक्ष संजीव सिंह, महामंत्री गुंजन यादव, संरक्षक लक्ष्मीकांत सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, उपाध्यक्ष संजय सिंह, मुन्ना अग्रवाल, अखिलेश चौधरी, कोषाध्यक्ष मंतु बनर्जी, सचिव विनय भूषण शर्मा, शशिकांत सिंह, दीपक कुमार, विश्वनाथ सरकार, दिनेश कुमार, कमलेश सिंह, रामबाबू तिवारी, कमलेश सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, भूपेंद्र सिंह, खेमलाल चौधरी, कल्याणी शरण, गुरदेव सिंह राजा, राकेश सिंह, प्रेम झा, नीलू झा, ज्योति अधिकारी, कुमार अभिषेक, निर्मल गोप, संतोष ठाकुर, अजय सिंह, हेमंत सिंह, सुरेश शर्मा, बबलू गोप, बोलटू सरकार, पप्पू मिश्रा, विकास शर्मा समेत कई श्रद्धालु उपस्थित थे।