नए साल में सम्मानित होंगे नवाचार अपनाने वाले 202 शिक्षक Jamshedpur News
नए साल में नवाचार अपनाने वाले झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के 202 शिक्षक सम्मानित होंगे। सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का चयन विवेकानंद सोसाइटी करेगी
जमशेदपुर, जासं नए साल से नई शुरुआत होने जा रही है। पूर्वी सिंहभूम में नवाचार शिक्षा तथा टीचिंग लर्निंग मेटेरियल (टीएलएम) सरकारी प्रक्रिया से इतर प्रयोग को बढ़ावा देने वाले 202 शिक्षकों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए दो जनवरी को पीपुल्स अकादमी में जिला स्तरीय टीएलएम प्रदर्शनी का आयोजित किया जा रहा है।
इसमें पूर्वी सिंहभूम जिला के 12 प्रखंड संसाधन केंद्र के 101 संकुल संसाधन केंद्र (सीआरपी) के दो-दो नवाचार का प्रयोग करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जायेगा। इस प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ का चयन विवेकानंद सोसाइटी करेगी। चयनित शिक्षकों का नवाचार राज्य स्तर पर प्रकाशित होने वाली पुस्तक में प्रकाशित किया जायेगा। पुस्तक में शामिल होने वाले नवाचार का प्रयोग करने वाले सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्येश्य सरकारी स्कूलों गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है। स्कूल के शिक्षकों को इस बहाने नवाचारी शिक्षा को बढ़ावा देने को प्रोत्साहन देना है। दो जनवरी को होने वाले टीएलएम प्रदर्शनी को ले सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को प्रत्येक सीआरपी से दो-दो शिक्षकों का चयन कर सूची जिला को भेजने को कहा गया है।
ये है मकसद
इस प्रदर्शनी के माध्यम से शिक्षकों के नवाचार की पहचान होगी। इसका मकसद ऐसे शिक्षकों की प्रतिभा को उजागर करते हुए उन्हें एक मंच प्रदान करना है।
- विनीत कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम।