जमशेदपुर के डिमना लेक में डूबे गोलमुरी और मानगो के युवक, आठ युवक आए थे पिकनिक मनाने, Jamshedpur News
जमशेदपुर के डिमना डैम में डूबे गोलमुरी और मानगो के युवक का शव मंगलवार देर रात गोताखोरों ने बरामद कर लिया।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर के डिमना डैम में डूबे गोलमुरी और मानगो के युवक का शव मंगलवार देर रात गोताखोरों ने बरामद कर लिया। मरने वालों में 25 वर्षीय समीर मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड के करीम सिटी कॉलेज के नीचे के रहने वाले हैं जबकि दूसरा गोलमुरी मुस्लिम बस्ती के ख्वाजा कॉलोनी का रहने वाला पुली है।
बताया जाता है कि पुली सऊदी अरब से पैसे कमाकर जमशेदपुर आया था और उसने ही पार्टी दी थी। पुली अपनी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी पर आठ युवकों को लेकर पार्टी मनाने के लिए डिमना डैम गया था। पहले उन लोगों ने साथ खाया-पिया और फिर डैम में नहाने लगे। इसी दौरान दो लड़के डूबने लगे जिसको बचाने में पुली और समीर लग गए।
दूसरे को बचाने में डूबे
सारे युवक तो निकल गए लेकिन समीर और पुली खुद डूब गए जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस नेता भवानी सिंह, पप्पू सिंह, ओमप्रकाश सिंह, गुड्डू, फैयाज खान, महेंद्र यादव अनिल सिंह समेत भारी संख्या में बस्ती वाले पहुंचे। सबों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।