रघुवर के गढ़ में बाबूलाल फूंकेंगे चुनावी बिगुल, करेंगे सदस्यता अभियान का आगाज
मुख्यमंत्री रघुवर दास के गृह और चुनाव क्षेत्र जमशेदपुर से झाविमो सुप्रीमो चुनावी बिगुल फूंकेंगे। वे यहां पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 18 जुलाई को जमशेदपुर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंकेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास के गढ़ जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। स्वयं नए सदस्य बनाने के लिए जनता के बीच में जाएंगे और अपनी विचारधारा से अवगत कराते हुए लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे।
काशीडीह कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में साकची बाजार के दुकानदारों, बर्मामाइंस बाजार के दुकानदारों, न्यू कालीमाटी रोड के नागरिकों, गोलमुरी बाजार के दुकानदारों, टेल्को बाजार, बागुनहातु तथा बिरसानगर की दलित बस्तियों में जाकर वे सदस्यता अभियान चलाएंगे। पार्टी के कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जहां सदस्यता अभियान चलेगा पार्टी के अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। पूरे कोल्हान प्रमंडल में 50 हजार से अधिक नए सदस्यों को जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
23 से शुरू होगा जोरदार आंदोलन
कार्यक्रम की जानकारी देते झाविमो के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह।
उन्होंने कहा कि 23 जुलाई को प्रथम चरण के तहत टाटा मोटर्स गेट के समक्ष चेतावनी जनसभा का आयोजन होगा और कंपनी को अल्टीमेटम देंगे कि अगर 15 दिनों के अंदर मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय समाप्त नहीं होता तो दूसरे चरण में मशाल जुलूस, तीसरे चरण में धरना प्रदर्शन, चौथे चरण में गेट जाम और छठवें चरण में पूरे शहर के चौक चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया जाएगा।