जिले में तेज होगा झामुमो का सदस्यता अभियान
पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा का सदस्यता अभियान तेज गति से चलाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के कारण पार्टी ने सदस्यता अभियान को स्थगित कर रखा था।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा का सदस्यता अभियान तेज गति से चलाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के कारण पार्टी ने सदस्यता अभियान को स्थगित कर रखा था। मंगलवार को उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में पार्टी की जिला कमेटी की हुई बैठक में सदस्यता अभियान को फिर से वृहद पैमाने पर शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि गुड़ाबादा प्रखंड की चार पंचायतों का सम्मेलन 21 जुलाई व धालभूम का प्रखंड सम्मेलन 28 जुलाई को किया जाएगा। बैठक की शुरुआत पार्टी के सक्रिय नेता सह झारखंड आदोलनकारी राजकुमार महतो की असामयिक मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर व श्रद्धाजलि अर्पित कर की गई। मौके पर शहीद निर्मल महतो की 32वीं पुण्यतिथि आठ अगस्त को भव्य तरीके से मनाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि पर मुख्य कार्यक्रम उलियान स्थित निर्मल महतो भवन में मनाया जाएगा। इसके लिए सभी प्रखंड, नगर व क्षेत्र समितिया दोपहर दो बजे तक अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकालते हुए शहीद स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। जिला समिति की बैठक में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्र मोर्चा, किसान मोर्चा, क्रीड़ा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, व्यवसायी मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा समेत सभी वर्ग समितियों को जुलाई माह के अंत तक प्रखंड व जिला समिति का विस्तार करते हुए सम्मेलन आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान झामुमो के पूर्व नगर सचिव आशीष नामता अपने समर्थकों के साथ पुन: पार्टी में शामिल हुए। पार्टी से निष्कासन के बाद वे कांग्रेस में शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव के बाद से ही आशीष नामता के झामुमो में शामिल होने की तैयारी चल रही थी। बैठक में पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, मोहन कर्मकार, सविता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, रामदास सोरेन, आस्तिक महतो, प्रमोद लाल, रोडेया सोरेन, मनोज यादव, सुनील महतो, शेख बदरूद्दीन, संजीव सरदार, गुरमीत सिंह गिल, प्रीतम हेम्ब्रम आदि मौजूद थे।