स्कूल व कॉलेजों में रोपित हुए 16250 पौधे jamshedpur news
जल शक्ति अभियान के तहत रविवार को स्कूल व कोल्हान विश्वविद्यालय के कॉलेजों में हजारों पौधे रोपित किए गए।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जल शक्ति अभियान के तहत रविवार को स्कूल व कोल्हान विश्वविद्यालय के कॉलेजों में हजारों पौधे रोपित किए गए। स्कूलों में जगह के अनुसार 05 से 20 पौधे तथा कॉलेजों में एनएसएस की ओर से 10-10 पौधे लगाए गए। पूर्वी सिंहभूम जिला के 1597 स्कूलों में कुल 16 हजार तथा कोल्हान विश्वविद्यालय के 25 कॉलेजों में कुल 250 पौधे रोपित हुए। कुल 16250 पौधे रोपित हुए। स्कूल और कॉलेजों में यह कार्य सुबह के आठ बजे से दस बजे तक हुआ।
सभी जगह पौधों को रोपित किए जाने के बाद इन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया गया। जिला शिक्षा विभाग के कार्यालय में जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय, जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में सभी कर्मियों ने पौधों को संरक्षित करने का शपथ ग्रहण किया। सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने श्रमदान कर कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की। जल निकासी की व्यवस्था की गई है एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित सभी कर्मियों ने मिलजुल कर 34 वृक्ष लगाये।