Jamshedpur Carnival : कलर्स ऑफ इंडिया में दिखेगी 12 राज्यों की झलक Jamshedpur News
30 जनवरी से शुरू होगा जमशेदपुर कार्निवाल बॉलीवुड पार्श्व गायक अरुण देव श्रद्धा दास व बलदेव सिंह जैसे स्थानीय कलाकार बिखेरेंगे जलवा।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। Jamshedpur Carnival टाटा स्टील और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) द्वारा 30 जनवरी से जमशेदपुर में कार्निवाल शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में दो वर्षो बाद इस बार कलर्स ऑफ इंडिया का आयोजन होगा। इसमें 12 राज्यों के नृत्य व संगीत की झलक दिखेगी। वहीं, जमशेदपुर के कलाकार (पाश्र्व गायक अरुण देव, बलदेव सिंह, श्रद्धा दास) जिन्होंने बॉलीवुड में अपना नाम कमाया है, अंतिम शाम अपना जलवा बिखेरेंगे।
टाटा स्टील व जुस्को की ओर से वर्ष 2013 से जमशेदपुर कार्निवाल का आयोजन करते आ रही है। हालांकि 15 दिसंबर से होने वाले यह आयोजन लगभग 45 दिनों की देरी के बाद हो रहा है और इस बार जुबली पार्क से निकलने वाली परेड का भी आयोजन नहीं हो रहा है। इस आयोजन में स्थानीय कलाकारों को ही मंच समर्पित होगा। बॉलीवुड का कोई बड़ा नाम इस बार कार्निवाल में नहीं दिखेगा। हालांकि कार्निवाल में स्कूल बच्चों से लेकर रॉक बैंड, शहर के डांस ग्रुप सहित कई कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। साथ ही गेम जोन सहित शहरवासियों को स्ट्रीट फूड का भी मजा मिलेगा। हालांकि 30 जनवरी से शुरू होने वाले इस आयोजन में सभी बच्चे पूर्व की तरह मस्ती कर पाएंगे या नहीं? इस पर संशय है क्योंकि अभी सभी बच्चों के स्कूल खुल चुके हैं और उन्हें फाइनल परीक्षा की तैयारी भी करनी है। ऐसे में कार्निवाल की तारीख को लेकर अभी से सवाल उठ रहे हैं।
एक फरवरी को होगा मास्टर शेफ
गोपाल मैदान में एक फरवरी को मास्टर शेफ का आयोजन होगा। इसमें बच्चों की मम्मी उनके लिए जल्द तैयार होने वाले हाइजेनिक व हेल्दी फूड तैयार करेंगी। वहीं, जमशेदपुर स्कूल ऑफ आर्ट के कलाकारों द्वारा गोपाल मैदान पर ऑन साइट पेटिंग करेंगे और अपनी पेटिंग की प्रस्तुति भी करेंगे। वहीं, बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।
ये होंगे आयोजन
30 जनवरी
शाम 6 से 8 बजे तक : कलर्स ऑफ इंडिया
शाम 8 से 8:30 बजे तक : अंकिता चौधरी की नृत्य प्रस्तुति
शाम 8:30 से 9:30 बजे तक : सुदेश्ना मौलिक का कथक
31 जनवरी
शाम 6 से 9 बजे तक : सा रे गा मा
01 फरवरी
शाम 5 से 7 बजे तक : स्थानीय ग्रुप द्वारा रॉक बैंड
शाम 7 से 10 बजे तक : जमशेदपुर के सितारे, द्वारा म्युजिक नाइट।