Jharkhand : चीन और कजाकिस्तान के 11 मुस्लिम धर्मगुरु भेजे गए जेल, टूरिस्ट वीजा पर आकर कर रहे थे धर्म का प्रचार
Jharkhand. कजाकिस्तान और चीन के 11 मुस्लिम धर्म गुरुओं को शनिवार को जेल भेज दिया गया। सभी पिछले दिनों झारखंड के बुंडू की मस्जिद से पकड़े गए थे।
जादूगोड़ा (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य और चीन के 11 मुस्लिम धर्म गुरुओं को शनिवार को जेल भेज दिया गया। सभी पिछले दिनों झारखंड के बुंडू थाना इलाके की मस्जिद से पकड़े गए थे। 25 दिनों तक क्वारंटाइन सेंटर में रखने के बाद सबों को जेल भेजा गया। जेल भेजने से पूर्व सबों की केंद्राडीह स्वास्थ्य केंद्र में जांच की गई। सबों की कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
जादूगोड़ा थाना में 11 मुस्लिम धर्म गुरुओं के खिलाफ वीजा एवं लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को जांच के बाद पता चला कि ये लोग टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर धर्म का प्रचार कर रहे थे। इनके द्वारा लॉकडाउन का भी उल्लंघन किया गया है। इसके बाद इनपर सात अप्रैल को कांड संख्या 22/20, धारा 188/269/270/आईपीसी एवं 14 बी विदेशी अधिनियम 1946 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इन्हें भेजा गया जेल
जिन्हें जेल भेजा गया है उनमेंं किर्गिज गणराज्य के गुलोमिद्दीन अब्दुलेव, झनारबेक साइनालिव, रूस्तम और इसलानबेक नुरगाजेव,कजाकिस्तान के जाकिर, इलियास, इस्मायल और शाकिर के अलावा चीन के देहिया ये,मेयरली मा और मेनाई मा शामिल हैं।
तबलीगी जमात के लिए कर रहे थे काम
कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य और चीन के ये 11 धर्मगुरु भारत टूरिस्ट वीजा पर आए थे। टूरिस्ट वीजा पर भारत आने के बाद सभी तबलीगी जमात का काम कर रहे थे। सभी रांची जिले के बुंडू इलाके में एक मस्जिद में ठहरे थे। सूचना के बाद सबों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मस्जिद में विदेशी धर्मगुरु छिपे हुए हैं, जो कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच देशभर में लागू लॉकडाउन के सभी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर 11 धर्मगुरुओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लेने के बाद सभी को पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड के स्वासपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में 25 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया था। इसके बाद दो बार सबों की कोरोना जांच कराई गई। हालांकि, दोनों रिपोर्ट में सभी कोरोना निगेटिव पाए गए।