प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या
कटकमसांडी : कटकमसांडी थानातर्गत हेसाकुदर गांव में एक महिला अनीता देवी ने प्रेमी संग मिलक
कटकमसांडी : कटकमसांडी थानातर्गत हेसाकुदर गांव में एक महिला अनीता देवी ने प्रेमी संग मिलकर अपने पति राजकुमार ठाकुर की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को तुरकाटांड़ जंगल में फेंक दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने तुरका जंगल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। हत्या सोमवार को देर शाम हुई है। पुलिस ने गुरुवार की सुबह जंगल से शव बरामद किया। वहीं नामजद आरोपित अनीता देवी व उसके प्रेमी विनोद उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एक और आरोपित जालो मियां की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक गत सोमवार को राजकुमार ठाकुर डांटो बाजार से वापस हेसाकुदर लौट रहा था। इसी क्रम में तुरकाटांड़ जंगल में पहले से घात लगाए पत्नी अनीता देवी, प्रेमी विनोद उरांव व जालो मियां ने राजकुमार ठाकुर पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ी में फेंक दिया। बुधवार की शाम फुटबॉल खेलकर लौट रहे बच्चों ने शव को झाड़ी में पड़ा देखा और इसकी जानकारी गांव जाकर ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना देकर शव की बरामदगी कराई। घटना की जानकारी पाकर डीएसपी दिनेश कुमार गुप्ता के साथ कटकमसांडी पुलिस ने आकर मामले की तहकीकात की। इधर, पतिहंता अनीता देवी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने बताया कि प्रेमी के साथ साजिश रचकर उसने अपने पति की हत्या की है।