रेणु व दुर्गा होंगी आयुष्मान योजना की पहली लाभुक
हजारीबाग : आयुष्मान भारत योजना का उद्घाटन करने रविवार को प्रधानमंत्री रांची आ रहे हैं।
हजारीबाग : आयुष्मान भारत योजना का उद्घाटन करने रविवार को प्रधानमंत्री रांची आ रहे हैं। हजारीबाग जिले की रेणु देवी व दुर्गा देवी आयुष्मान भारत का लाभ पानेवाली पहली मरीज होंगी। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. ललिता वर्मा ने दी। बताया कि दोनों ही मरीजों का इलाज पूरी तरह से मुफ्त होगा। रेणु देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दुर्गा देवी का इलाज आरोग्यम अस्पताल में होगा, दोनों का ऑपरेशन रविवार को किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के कोर्रा चौक निवासी 28 वर्षीया दुर्गा देवी (पति राजेश पासवान) के गॉल ब्लाडर में पथरी है। उनका लेप्रोस्कोपी सर्जरी होनी है। सामान्यत: इस ऑपरेशन में चालीस से पचास हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। योजना के तहत दुर्गा देवी का न केवल ऑपरेशन पूरी तरह से मुफ्त होगा, बल्कि उसे दवा व अन्य किसी प्रकार का खर्च भी नहीं लगेगा। दुर्गा देवी ने बताया कि पैसा खर्च कर उसके लिए इलाज कराना संभव नहीं था। आयुष्मान भारत योजना के प्रारंभ होने को लेकर दुर्गा के परिजनों में काफी खुश हैं। वहीं कटकमदाग थाना क्षेत्र की में आतु गांव की 23 वर्षीया रेणु देवी (पति नरेश राम) सी सेक्ट के ऑपरेशन के लिए सदर अस्पताल में भर्ती हैं। इनका चयन भी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के लिए किया गया है। इन्हें भी पूरे इलाज में एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा।