Pulwama Terror Attack: एक डॉक्टर ऐसा भी, सेना के जवान से डॉ रुपेश नहीं लेते फीस
झारखंड के हजारीबाग के डॉ. रूपेश कुमार ने सैनिकों के सम्मान में यह पहल शुरू की है। जिसकी चहुंओर सराहना हो रही है। आइए जानते हैं देशभक्ति में डूबे ओजस्वी डॉक्टर रुपेश के बारे में...
हजारीबाग, [विकास कुमार]। पुलवामा में हुई आतंकी घटना (Pulwama Terror Attack) ने पूरे देश को झकझोर दिया था। लोगों में पाकिस्तान के प्रति गुस्सा चरम पर था। इन सबके बीच हजारीबाग के हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. रूपेश कुमार भी घटना के बाद से काफी व्यथित थे। काफी दिन तक सदमे में रहे फिर सोचा अपने प्रोफेशन के माध्यम से ही कुछ देश सेवा की जाए जिससे सेना पर तैनात रहे जवानों की मदद हो सके। इसके बाद से ही उन्होंने बीएसएफ और सीआरपीएफ जवानों को निश्शुल्क इलाज करने की शुरुआत की। अब तक उन्होंने 50 से अधिक जवानों का मुफ्त में इलाज किया है। हजारीबाग में अपने क्लिनिक के बाहर स्टिकर लगवा दिया और सैनिकों के सम्मान में निश्शुल्क सेवा देने लगे हैं। यहां इलाज के लिए पहुंचने वाले जवानों को सिर्फ अपनी सेना का पहचान पत्र दिखाना होता है और उसके बाद वे उनका मुफ्त में इलाज करते हैं।
- जवानों की हड्डियों के रोग का मुफ्त में इलाज कर रहे डा. रुपेश
- सेना और अर्ध सैन्यबलों का छह माह से निरंतर कर रहे इलाज
- देश की रक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान का भाव रखते हैं चिकित्सक
- क्लिनिक के बाहर लगाया बोर्ड, अब तक 50 से अधिक जवानों का कर चुके नि:शुल्क इलाज
- बीएसएफ व सीआरपीएफ के हैं जवान तो सिर्फ दिखाएं आइकार्ड, मुफ्त इलाज
फीस माफ, इलाज के बाकी खर्च में भी रियायत
हड्डी रोग विशेषज्ञ इलाज के दौरान कोई फीस तो नहीं ही लेते हैं। साथ ही अगर कोई बड़ा ऑपरेशन या लंबे इलाज की दरकार होती है तो उसमें भी जवानों से कोई लाभ नहीं लेते। फीस पूरी तरह से माफ होती है। साथ ही नो प्रोफिट नो लॉस के आधार पर जवानों का इलाज किया जाता है। अगर कोई बड़ा ऑपरेशन करना हो तो बेहद ही रियायती दर पर उन्हें हर प्रकार के इलाज की सुविधा दी जाती है। यहां तक कि दवा भी उन्हें खरीद दाम पर उपलब्ध कराई जाती है। डॉ. रुपेश ने बताया कि उनका मकसद देश सेवा में लगे जवानों की सेवा करना है। उन्हें इससे काफी सुकून मिलता है। वे आगे जवानों के परिवारों का भी निश्शुल्क इलाज करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप