विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौत को सामने से देखा, चमत्कारिक ढंग से बच गए लखन प्रजापति; दनुआ घाटी हादसे में पत्नी की मौत

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:00 PM (GMT+05:30)

चौपारण की दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में लखन प्रजापति चमत्कारिक रूप से बच गए, लेकिन उनकी पत्नी ...और पढ़ें

आपातकालीन उपकरण और एंबुलेंस की कमी ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आपातकालीन उपकरण और एंबुलेंस की कमी ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शशि शेखर, चौपारण (हजारीबाग)। दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी में सवार लखन प्रजापति मौत को सामने से देखने के बाद भी चमत्कारिक ढंग से बच गए। हालांकि, इस हादसे में उनकी पत्नी की मौत हो गई। अस्पताल में गमगीन बैठे लखन ने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार वाहन आया और लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। उन्होंने बताया कि सवारी गाड़ी में करीब 19 लोग सवार थे। हादसे में उनका पूरा परिवार प्रभावित हुआ है। पत्नी की मौत से लखन पूरी तरह टूट चुके हैं।

सीएचसी में आपातकालीन व्यवस्था की खुली पोल

भीषण दुर्घटना के बाद चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली सामने आ गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जब एक साथ बड़ी संख्या में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां उपलब्ध संसाधन नाकाफी साबित हुए।

चिकित्सक डॉ. पुष्पा कुमारी ने अपनी टीम के साथ घायलों का उपचार शुरू किया। घायलों की संख्या अधिक और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण अन्य कर्मचारियों को भी मदद के लिए आगे आना पड़ा। आनन-फानन में घायलों की मरहम-पट्टी कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आपातकालीन उपकरण और एंबुलेंस की कमी ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि चौपारण सीएचसी में पहले से ही चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। हर बड़ी दुर्घटना के बाद अस्पताल की बदहाल व्यवस्था चर्चा में आती है, लेकिन स्थायी सुधार की पहल नहीं हो पाती।

hazaribg hadsa

बाहरी लोगों की जाती है जान, स्थानीय बने मूकदर्शक

दनुआ घाटी में दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर साल बड़ी संख्या में सड़क हादसे होते हैं और कई परिवार उजड़ जाते हैं। विडंबना यह है कि अधिकांश हादसों में दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले लोग शिकार बनते हैं।

स्थानीय स्तर पर दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी तो दिखाई देती है, लेकिन इसे बड़ा जनमुद्दा बनाने और प्रशासन पर ठोस कार्रवाई का दबाव बनाने में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी नजर आती है। घाटी में खतरनाक मोड़, तेज रफ्तार वाहनों और यातायात नियंत्रण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

इसके बावजूद स्थायी सुरक्षा उपायों की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं दिखती। सवाल है कि आखिर कितनी और जिंदगियां जाने के बाद दनुआ घाटी में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाएगी?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।