झारखंड: थाने से महज 500 मीटर दूर मनचलों का आतंक, छात्राओं की चेतावनी- 'सुरक्षा नहीं मिली तो छोड़ देंगे पढ़ाई'
इचाक में जीएम महाविद्यालय की छात्राएं बाइक सवार युवकों द्वारा छेड़खानी और अभद्र व्यवहार से परेशान हैं। उन्होंने पुलिस से ...और पढ़ें

इचाक में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल, छेड़खानी से परेशान पहुंचीं थाना।
HighLights
छात्राओं ने छेड़खानी और अभद्र व्यवहार की शिकायत की।
सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
पढ़ाई छोड़ने की चेतावनी, यदि सुरक्षा नहीं मिली।
संवाद सूत्र, इचाक (हजारीबाग)। इचाक में विद्यालय और महाविद्यालय जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। छेड़खानी और अभद्र व्यवहार से परेशान जीएम महाविद्यालय की छात्राओं ने मंगलवार को थाना पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
छात्राओं ने सामूहिक आवेदन सौंपकर आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षण संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
रास्ते में बाइक सवार युवकों पर फब्तियां कसने का आरोप
छात्राओं के अनुसार, विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने के दौरान कुछ बाइक सवार युवक रास्ते में खड़े रहते हैं और उन पर अश्लील टिप्पणियां करते हैं। आरोप है कि छुट्टी के समय भी युवक शिक्षण संस्थानों के आसपास मंडराते रहते हैं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे छात्राओं में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
उनका कहना है कि इस स्थिति का असर पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। छात्राओं ने आवेदन में आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायत के बाद पुलिस कुछ युवकों को पकड़कर 24 घंटे के भीतर पीआर बांड पर छोड़ चुकी है।
छात्राओं का कहना है कि इसके बाद भी कथित छेड़खानी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय गश्त बढ़ाने की मांग
छात्राओं ने बताया कि इचाक थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर कई विद्यालय और महाविद्यालय हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ने आती हैं। इसके बावजूद उन्हें रास्ते में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
छात्राओं ने विद्यालय खुलने और छुट्टी होने के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि यदि उन्हें सुरक्षित माहौल नहीं मिला तो पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो सकता है। मामले ने छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों के आसपास पुलिस निगरानी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गश्ती बढ़ाई जाएगी। 10 मनचलों को पकड़ कर पीआर बांड पर छोड़ा गया है। स्कूल, कालेजों के बाहर सख्ती की जाएगी। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी
- गौतम कुमार, थाना प्रभारी, इचाक
