हजारीबाग में रफ्तार का कहर: बिना हेलमेट एक ही बाइक पर सवार थे 3 किशोर, डिवाइडर से टकराने पर 2 की मौत
हजारीबाग के सिंघरावां मोड़-चंदवारा पथ पर सोमवार को भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटनाग्रस्त बाइक। जागरण फोटो
HighLights
हजारीबाग में सिंघरावां मोड़-चंदवारा पथ पर भीषण सड़क दुर्घटना।
बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत।
एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। सिंघरावां मोड़ से चंदवारा जाने वाले पथ पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो किशोरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक (जेएच 02 बीवी 9605) पर सवार तीन युवक तेज गति से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एल्यूमिनियम डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि तीनों किशोर उम्र के थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मृतकों की पहचान पीयूष कुमार, पिता प्रकाश यादव, तथा अमित कुमार, पिता दिलीप यादव, दोनों निवासी नया खाप सिरमा के रूप में बताई गई है। घायल अमन यादव, पिता योगेंद्र यादव, निवासी बच्छई, को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए बरही भेजा गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि सहदेव यादव, विनोद यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में दो युवकों की मौत से गांवों में शोक का माहौल है।