विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hazaribagh Encounter: हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, 2 बदमाशों को लगी गोली; 2 फरार

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

हजारीबाग में पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ की। इस दौरान गैंग के दो सदस्य गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य फरार होने में सफल रहे।

मुठभेड़ के अपराधियों को गिरफ्तार कर लाती पुलिस। सौ. विभाग

मुठभेड़ के अपराधियों को गिरफ्तार कर लाती पुलिस। सौ. विभाग

HighLights

  1. हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की सीधी मुठभेड़ हुई।

  2. मुठभेड़ के दौरान गैंग के दो सदस्य गोली लगने से घायल।

  3. घायल अपराधियों को गिरफ्तार कर बेहतर इलाज के लिए भेजा गया।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। जिले में लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के खिलाफ जिला पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांटोखुर्द के समीप रेबर गांव स्थित चरेवा टांड में पुलिस और गैंग के सदस्यों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई।

इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सक्रिय सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ।

82449364

मुठभेड़ के जायजा लेने के दौरान पुलिस पदाधिकारियों से जानकारी लेते पुलिस अधीक्षक। सौ. विभाग

घायल अपराधियों की पहचान जिले के पदमा प्रखंड के निवासी दीप नारायण भगत उर्फ दीपू , पिता बिल्टू साव एवं चतरा जिला के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी, पिता द्वारिका रविदास के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य रेबर के रास्ते हजारीबाग पहुंचकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिले के विभिन्न इलाकों में नाकेबंदी और सघन जांच अभियान शुरू किया गया था। जांच के क्रम में कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द के पास पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए घेराबंदी कर रखी थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे और पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों और संभावित आपराधिक साजिशों की जानकारी जुटाने में लगी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।