आसमान पर छाए बादल, हुई बूंदाबांदी
हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय हजारीबाग में शुक्रवार अपराह्न से ही आसमान पर बादल छा गए थे।
हजारीबाग : प्रमंडलीय मुख्यालय हजारीबाग में शुक्रवार अपराह्न से ही आसमान पर बादल छा गए थे। यह नजारा दूसरे दिन यानी शनिवार को भी दिखाई दिया। दोहपर होते होते हलकी बूंदा बांदी भी हुई। मौसम में एक बार फिर अचानक आए बदलाव को लेकर लोग चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका व्यक्त कर रहे थे मगर ऐसा हुआ न्हीं। नगण्य हुई बारिश को लेकर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा प्रतिक्रिया स्वरूप कहा गया कि इसका खड़ी धान फसल पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि सब्जी फसल को फायदा पहुंचने की बात कही गई। होली क्रास कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष सह वरीय वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने कहा कि रबी फसल के लिए यह हल्की बारिश भी वरदान है। अभी मसूर, सरसों, चना व मटर की बोआई का समय है। जमीन की नमी से फायदा होगा। जोताई में आसानी होगी। हां सब्जी फसल के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद है। चाहे बात फूलगोभी, बंधगोभी, भिडी या बैगन की हो सबको फायदा होगा।