विश्व शौचालय दिवस पर प्रतियोगिता में हजारीबाग को मिला चौथा स्थान
World Toilet Day. विश्व शौचालय दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में हजारीबाग जिला को देशभर में चौथा स्थान मिला है।
हजारीबाग, जेएनएन। झारखंड में हजारीबाग जिला ने एक बार फिर से स्वच्छता को लेकर पूरे भारत में अपना परचम लहराने का काम किया है। इस क्रम में विगत नौ नवंबर से 19 नवंबर तक आयोजित विश्व शौचालय दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में हजारीबाग जिला को देशभर में चौथा स्थान प्राप्त करने का गौरव प्राप्त हुआ है। इससे पहले स्वच्छ भारत ग्रामीण में भी हजारीबाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
प्रतियोगिता का आयोजन भारत सरकार के पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय के द्वारा स्वच्छ भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से किया गया था। इस प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों से कुल 412 जिलों ने भाग लिया था। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय ने दो जनवरी को प्रतियोगिता का परिणाम जारी किया। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के बाकुरा जिला को प्रथम स्थान मिला, जबकि झारखंड के कोडरमा जिला को 24वां स्थान व रामगढ़ को 35वां स्थान मिला। जिले को मिले इस सम्मान को लेकर लोगों ने खुशी जाहिर की है।
वहीं, इस संबंध में हजारीबाग के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने बताया कि पूरी टीम की मेहनत से ही यह सफल हो पा रहा है। हजारीबाग के लोग भी स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहे हैं। यह इसका सबसे अच्छा पहलू है।